असम के कछार में एक स्टील फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. इस धमाके में चार मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए हैं. पुलिस के मुताबिक, धमाका इतना भीषण था कि चारों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
उधारबंद इलाके में स्थित पंग्राम खादी रॉड इंडस्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ. विस्फोट के कारणों का सही पता लगाने के लिए गुवाहाटी से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के विशेषज्ञों की एक विशेष टीम बुलाई गई है.
हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूर त्रिपुरा के अगरतला के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान अप्पू बोरिक (32), किरण मुंडा (28), श्यामल गौर और सागर नाथ के रूप में हुई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मैनेजर समेत चार लोग हिरासत में
राज्य के मंत्री ने उत्तराबंध स्थित फैक्ट्री परिसर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और जांच के निर्देश दिए. कछार के SSP संजीव सैकिया ने बताया, 'परिजनों ने शवों की शिनाख्त कर ली है. मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी जांच जारी है.'
पुलिस सुरक्षा मानकों में चूक की पड़ताल कर रही है. इस सिलसिले में मैनेजर समेत 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस हादसे पर शोक जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, आग लगने से 8 लोगों की मौत
मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने हर मृतक के परिजन को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि फैक्ट्री प्रबंधन या सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.