बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी से प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में उतरे हैं. उन्होंने नामांकन के दौरान अपने करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया है. उनकी चल और अचल संपत्तियों को जोड़ दिया जाए तो उनकी पत्नी और उनके नाम पर कुल 198 करोड़ रुपये की संपत्ति (Prashant Kishor Net Worth) हैं.
प्रशांत किशोर के पास दिल्ली से लेकर गुहावाटी तक इनके नाम पर प्रॉपर्टी रजिस्टर्ड है. इतना ही नहीं प्रशांत किशोर के पास सोना-चांदी और बैंकों में भी मोटी रकम डिपॉजिट है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास कैश 65 हजार 570 रुपये कैश है, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास 1 लाख 95 हजार 200 रुपये कैश है.
प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी ने फिक्स्ड डिपॉजिट के अलावा शेयर में भी निवेश कर रखा है. 63 लाख रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे हैं. 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की एफडी, 1.24 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड और लाइफ इंश्योरेंस में 5.34 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इसके अलावा, पोस्ट ऑफिस के PPF में 58.75 लाख रुपये का भी निवेश किया है.
कितना है लोन और सोना?
प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के नाम पर करीब 9 करोड़ रुपये का कर्ज भी दिखाया गया है. प्रशांत किशोर के पास ज्वेलरी के तौर पर केवल एक सोने की अंगूठी है. प्रशांत किशोर की पत्नी के पास 475 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 64 लाख 12 हजार 500 बताई गई है. इनकी पत्नी के पास 200 ग्राम चांदी है, जिसकी कीमत 46 हजार बताई गई है.
198 करोड़ रुपये की नेटवर्थ
प्रशांत किशोर ने अपनी कुल चल संपत्ति 22 करोड़ 19 लाख 74 हजार 976 रुपये की बताई है, जबकि उन्होंने अपनी पत्नी के लिए 89 करोड़ 51 लाख 67 हजार 249 रुपये की चल संपत्ति की जानकारी दी गई है. प्रशांत किशोर के पास 73 करोड़ 87 लाख की अचल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 12 करोड़ 42 लाख की अचल संपत्ति है. अब इनको जोड़ दिया जाए तो प्रशांत किशोर का नेटवर्थ 198 करोड़ है.
कितने जमीन के मालिक हैं प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर के पास रोहतास जिले के शिवसागर में तीन एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि है. प्रशांत किशोर के पास पटना के पाटलिपुत्र में एक मकान है. दिल्ली के वसंत विहार में एक मकान है. यूपी के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम में एक अपार्टमेंट में दो फ्लैट, गाजियाबाद के वसुंधरा में एक फ्लैट के अंदर 50 फ़ीसदी भागीदारी (मातृ संपत्ति), बिहार के बक्सर जिले में आवासीय मकान (मातृ संपत्ति), बिहार के रोहतास जिला स्थित कोनार गांव में पैतृक संपत्ति भी है.
उनकी पत्नी जाह्नवी दास के नाम पर भी कई प्रॉपर्टी है. पत्नी के नाम पर असम की गुवाहाटी में प्रॉपर्टी है. गुवाहाटी के मदर टैरेसा रोड में एक अपार्टमेंट है. इसके अलावा नोएडा स्थित जेपी ग्रींस में भी एक प्रॉपर्टी का अलॉटमेंट है.
प्रशांत किशोर के ऊपर चार केस दर्ज
प्रशांत किशोर ने अपनी संपत्ति से लेकर मुकदमों तक की जानकारी चुनावी हलफनामे में दी है. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के खिलाफ कुल 4 केस दर्ज हैं. सहरसा के सदर थाने में भी एक केस दर्ज है और पटना, मुजफ्फरपुर और बेतिया के अलग-अलग कोर्ट में एक-एक मामले चल रहे हैं.