12 अक्टूबर से शुरू हो रहे हफ्ते में प्राइमरी मार्केट में 9 IPO खुलने का शेड्यूल है. इनमें 6 मेनबोर्ड और 3 SME IPO शामिल हैं. जेटवर्क (Zetwerk), बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन (Bonfiglioli Transmissions) और टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) जैसी कंपनियां अपना IPO ला रही हैं. इन कंपनियों का कारोबार मैन्युफैक्चरिंग, मेडिकल डिवाइस, डिफेंस टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे अलग-अलग सेक्टर से जुड़ा है. जानिए किस IPO का प्राइस बैंड क्या है, कितना पैसा जुटाया जाएगा और कंपनी क्या काम करती है.
मेनबोर्ड के 6 IPO
1. एचडी फायर प्रोटेक्ट (HD Fire Protect)
कंपनी का IPO 13 से 15 अक्टूबर तक खुलेगा. इसका प्राइस बैंड ₹258 से ₹271 प्रति शेयर है. इश्यू साइज ₹712.31 करोड़ है और यह पूरा ऑफर फॉर सेल (OFS) है. शेयरों की लिस्टिंग 21 अक्टूबर को संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: एचडी फायर प्रोटेक्ट आग से सुरक्षा के उपकरण और सिस्टम बनाती और सप्लाई करती है. इसके प्रॉडक्ट्स में फायर स्प्रिंकलर, अलार्म वॉल्व और पानी, फोम व गैस से आग बुझाने वाले सिस्टम शामिल हैं.
2. फ्यूजन सीएक्स (Fusion CX)
इसका IPO 14 से 16 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹275 से ₹289 प्रति शेयर है. ₹702 करोड़ के इस इश्यू में ₹500 करोड़ के फ्रेश शेयर और करीब ₹202 करोड़ का OFS शामिल है. लिस्टिंग 22 अक्टूबर को संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: फ्यूजन सीएक्स कस्टमर एक्सपीरियंस और बिजनेस प्रोसेस सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है. कंपनी वॉयस कॉल, ईमेल, चैट और सोशल मीडिया जैसे माध्यमों से दूसरी कंपनियों को कस्टमर सपोर्ट सेवाएं देती है.
3. सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज (Sahajanand Medical Technologies)
इसका IPO 15 से 19 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹327 से ₹344 प्रति शेयर है. इश्यू साइज करीब ₹475.48 करोड़ है. यह पूरा OFS है, यानी इसमें कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी. लिस्टिंग 23 अक्टूबर को संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज हार्ट और ब्लड वेसल से जुड़ी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले मेडिकल डिवाइस बनाती है. इसके प्रॉडक्ट पोर्टफोलियो में कोरोनरी स्टेंट, बैलून और दूसरे वैस्कुलर इंटरवेंशन डिवाइस शामिल हैं.
4. बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन (Bonfiglioli Transmissions)
कंपनी का IPO 15 से 19 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹558 से ₹586 प्रति शेयर है. इश्यू साइज करीब ₹2,533.66 करोड़ है और यह पूरा OFS है. शेयरों की लिस्टिंग 23 अक्टूबर को संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन मैकेनिकल और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल पावर ट्रांसमिशन सिस्टम और इंडस्ट्रियल ड्राइव सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है. इसके गियरबॉक्स और ड्राइव सिस्टम का इस्तेमाल औद्योगिक मशीनों और अलग-अलग मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में होता है.
5. जेटवर्क (Zetwerk Manufacturing Businesses)
इसका IPO 15 से 19 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹143 से ₹151 प्रति शेयर है. करीब ₹5,012.33 करोड़ के इश्यू में ₹2,830 करोड़ के फ्रेश शेयर और ₹2,182.33 करोड़ का OFS शामिल है. लिस्टिंग 23 अक्टूबर को संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: जेटवर्क एक टेक्नोलॉजी आधारित ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म है. यह कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी, डिफेंस और ऑटोमेशन जैसे सेक्टर की कंपनियों को मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर्स से जोड़ती है और औद्योगिक व कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के निर्माण में मदद करती है.
6. टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India)
कंपनी का IPO 15 से 19 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹665 से ₹700 प्रति शेयर है. करीब ₹852.18 करोड़ का यह पूरा OFS इश्यू है. लिस्टिंग 23 अक्टूबर को संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: टोनबो इमेजिंग डिफेंस और सिक्योरिटी सेक्टर के लिए एडवांस्ड इलेक्ट्रो-ऑप्टिक, इन्फ्रारेड, कम्युनिकेशन और सर्विलांस सिस्टम बनाती है. इसके सिस्टम का इस्तेमाल निगरानी, टारगेट पहचानने और डिफेंस ऑपरेशंस में किया जाता है.
SME सेगमेंट के 3 IPO
1. रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज (Ravita Engineering Services)
IPO 13 से 15 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹105 से ₹112 प्रति शेयर है. इश्यू साइज करीब ₹116.05 करोड़ है. यह फ्रेश इश्यू है. शेयरों की लिस्टिंग 21 अक्टूबर को NSE SME प्लेटफॉर्म पर संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज इंजीनियरिंग और टेक्निकल सर्विसेज उपलब्ध कराती है. कंपनी कमर्शियल बिल्डिंग, इंडस्ट्रियल यूनिट, ऑफशोर ऑयल प्लेटफॉर्म और डेटा सेंटर के लिए सिस्टम लगाने के साथ ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस (O&M) सेवाएं भी देती है.
2. वैभव व्यापार (Vaibhav Vyapaar)
कंपनी का IPO 13 से 15 अक्टूबर तक खुलेगा. इसका प्राइस बैंड ₹51 से ₹54 प्रति शेयर है. कंपनी इस IPO के जरिए करीब ₹42.10 करोड़ जुटाएगी. यह पूरा फ्रेश इश्यू है. रिटेल निवेशकों को कम से कम 4,000 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा. अपर प्राइस बैंड पर इसके लिए ₹2.16 लाख का निवेश करना होगा. शेयरों की लिस्टिंग 21 अक्टूबर को NSE SME प्लेटफॉर्म पर संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: वैभव व्यापार एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) है. कंपनी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पर्सनल लोन उपलब्ध कराती है. इसका फोकस ऐसे ग्राहकों को लोन देने पर है, जिन्हें बैंकिंग और क्रेडिट सेवाओं की जरूरत है.
3. शेल्ज इंडिया (Shellz India)
इसका IPO 15 से 19 अक्टूबर तक खुलेगा. प्राइस बैंड ₹170 से ₹179 प्रति शेयर है. इश्यू साइज करीब ₹59.97 करोड़ है. यह पूरा फ्रेश इश्यू है. लिस्टिंग 23 अक्टूबर को BSE SME प्लेटफॉर्म पर संभावित है.
क्या काम करती है कंपनी: शेल्ज इंडिया कन्फेक्शनरी और फूड प्रॉडक्ट्स के कारोबार में है. कंपनी चॉकलेट, जेली, बेक्ड ट्रीट्स और दूसरे कन्फेक्शनरी प्रॉडक्ट्स बनाती है. इसके अलावा कंपनी फूड और बेकरी इंग्रीडिएंट्स की सप्लाई भी करती है.
निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
IPO में फ्रेश इश्यू से जुटाई गई रकम कंपनी को मिलती है, जबकि OFS में पैसा शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों को जाता है. इसलिए निवेश से पहले यह देखना जरूरी है कि कंपनी IPO से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल किस काम में करेगी. कंपनी की वित्तीय स्थिति, कर्ज, मुनाफे, वैल्यूएशन और कारोबार से जुड़े जोखिमों की जानकारी पढ़ें. SME IPO में न्यूनतम निवेश की रकम मेनबोर्ड IPO के मुकाबले काफी ज्यादा हो सकती है. किसी IPO में आवेदन करने से लिस्टिंग पर मुनाफे की गारंटी नहीं मिलती. निवेश से पहले कंपनी का अंतिम ऑफर डॉक्यूमेंट जरूर पढ़ें.