scorecardresearch
 

CJP प्रोटेस्ट को लेकर सरकार अलर्ट, शिवगंगा-मगध से राजधानी एक्सप्रेस तक... दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कैंसिल

दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन का असर रेल यात्रियों पर भी पड़ने वाला है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दूसरे राज्यों से नई दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. इनमें तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. इसके अलावा, बनारस से दिल्ली आने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस और सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी 9 अक्टूबर को नहीं चलेंगी.

Advertisement
X
 कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. (File Photo)
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. (File Photo)

दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है. दूसरे राज्यों से देश की राजधानी में आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी ने इस प्रोटेस्ट का ऐलान किया है.

रेलवे के एक आधिकारिक सर्कुलर में निर्देश दिया गया है कि आज दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को वहीं से रद्द कर दिया जाए, जिन्हें कल सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना है. पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल के डीआरएम के आधिकारिक एक्स हैंडल से दी गई जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को पटना और आसपास के क्षेत्रों से चलकर 10 अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचने वाली चार ट्रेनों को रद्द किया गया है.

इनमें तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. इसी तरह बनारस से दिल्ली आने वाली दो ट्रेनों- शिवगंगा एक्सप्रेस (12559) और सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12581) के 9 अक्टूबर को रद्द रहने की जानकारी सामने आई है. यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें.

Advertisement

रद्द की गई ट्रेनों की सूची

12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस: राजेंद्र नगर से 9 अक्टूबर को शाम 7:10 बजे रवाना होने वाली थी. इसका नई दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय 10 अक्टूबर को सुबह 7:40 बजे था.

12393 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को शाम 7:20 बजे रवाना होने वाली थी. इसके 10 अक्टूबर को सुबह 7:55 बजे नई दिल्ली पहुंचने का समय निर्धारित था.

20801 इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे रवाना होने वाली थी. इसके 10 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली पहुंचने का समय था.

22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को शाम 7:50 बजे रवाना होने वाली थी. इसके 10 अक्टूबर को दोपहर 1:10 बजे नई दिल्ली पहुंचने का समय निर्धारित था.

12559 बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को 22:15 बजे बनारस से रवाना होने वाली थी. इसके 10 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे नई दिल्ली पहुंचने का समय निर्धारित था.

12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को 23:10 बजे बनारस से रवाना होने वाली थी. इसके 10 अक्टूबर को सुबह 9:45 बजे नई दिल्ली पहुंचने का समय निर्धारित था.
 

रेलवे के मुताबिक, गुरुवार को सेंट्रेल दिल्ली में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के कारण करीब 5,000 यात्री अपनी ट्रेनें नहीं पकड़ पाए थे. रेलवे सूत्रों के मुताबिक खुफिया सूचनाओं और यातायात संबंधी सलाह के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच मध्य दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास सड़कों पर भारी जाम लग सकता है. यात्रियों को ऐसी परेशानी से बचाने के लिए रेलवे द्वारा ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन स्टेशन पर ही रद्द करके एहतियाती कदम उठाया गया है. 

Advertisement

हावड़ा और सियालदह राजधानी भी रद्द

दिल्ली में जाम की आशंका को देखते हुए पूर्वी रेलवे ने पश्चिम बंगाल से चलने वाली 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है. ये ट्रेनें 9 अक्टूबर को रवाना होने वाली थीं.

राजस्थान-हरियाणा रूट की ट्रेनें भी रद्द

रेलवे ने 9 और 10 अक्टूबर को चलने वाली कई अन्य ट्रेनों को भी रद्द किया है. इनमें राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं.

ट्रेन नंबर 15308, सिरसा-तिलक ब्रिज: 10 अक्टूबर को सिरसा से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
ट्रेन नंबर 12964, उदयपुर सिटी-हजरत निजामुद्दीन: 9 अक्टूबर को उदयपुर सिटी से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
ट्रेन नंबर 12963, हजरत निजामुद्दीन-उदयपुर सिटी: 10 अक्टूबर को हजरत निजामुद्दीन से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
ट्रेन नंबर 14727, श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज: 9 अक्टूबर को श्रीगंगानगर से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
ट्रेन नंबर 14738, तिलक ब्रिज-भिवानी: 10 अक्टूबर को तिलक ब्रिज से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
ट्रेन नंबर 14737, भिवानी-तिलक ब्रिज: 10 अक्टूबर को भिवानी से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
ट्रेन नंबर 14728, तिलक ब्रिज-श्रीगंगानगर: 10 अक्टूबर को तिलक ब्रिज से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.

सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचें

अगर आप 9 या 10 अक्टूबर को दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें. ट्रेन रद्द होने की स्थिति में यात्रा की योजना उसी हिसाब से बनाएं. रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से ट्रेन के संचालन की जानकारी ली जा सकती है.

Advertisement

57 मेट्रो स्टेशन रह सकते हैं बंद

दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. वहीं, मेट्रो सेवाओं पर भी पाबंदियों लागू रह सकती हैं. दिल्ली पुलिस ने डीएमआरसी (DMRC) से 10 अक्टूबर को 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने की सिफारिश की है. प्रभावित होने वाले प्रमुख मेट्रो स्टेशनों में राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, कश्मीरी गेट, हौज खास, आईएनए और लाजपत नगर शामिल हैं.

इन पाबंदियों के चलते दिल्ली के कई हिस्सों में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है. इसका असर प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों और रोजाना आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाले मेट्रो मार्गों पर भी पड़ सकता है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर शुरू करने से पहले मेट्रो सेवाओं से जुड़ी ताजा जानकारी जरूर जांच लें.

राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था 

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के कुल 23,000 जवानों की तैनाती की जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर के बीच CAPF की 221 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस को CAPF की 110 अतिरिक्त कंपनियां भी उपलब्ध कराई गई हैं.

Advertisement

तैनात की जाने वाली कंपनियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 85, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 10, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 7, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 7 और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की एक कंपनी शामिल है.

सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की जाएगी. पूरे घटनाक्रम पर कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी. इसके अलावा, अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में चेहरा पहचानने वाले कैमरे (Face Recognition System) भी लगाए जाएंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement