scorecardresearch
 

666 दिन वाली स्पेशल FD... 8.25% का धांसू ब्याज, ₹5 लाख लगाने पर इतना फायदा

666 Day's Special FD Scheme: उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक अपने ग्राहकों के लिए स्पेशल एफडी स्कीम चला रहा है और महज 666 दिन की FD पर वरिष्ठ नागरिकों को 8.25% का धांसू ब्याज ऑफर कर रहा है.

Advertisement
X
यहां आम ग्राहकों को भी मिलता है 8 फीसदी से ज्यादा ब्याज. (Photo: GettyImage)
यहां आम ग्राहकों को भी मिलता है 8 फीसदी से ज्यादा ब्याज. (Photo: GettyImage)

फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी स्कीम (FD Scheme) की पॉपुलैरिटी में लगातार इजाफा हो रहा है. ऐसा हो भी क्यों न आखिर तमाम बैंक अपने ग्राहकों को FD कराने पर तगड़ा ब्याज जो ऑफर कर रहे हैं. एक तो सुरक्षित निवेश और उस पर शानदार रिटर्न ने निवेशकों को आकर्षित किया है. रिटर्न देने को मामले में तमाम बड़े बैंकों की तुलना में स्मॉल फाइनेंस बैंक आगे हैं और ये वरिष्ठ नागरिकों, आम ग्राहकों से कहीं ज्यादा फायदा दे रहे हैं. अगर आप FD Investment का प्लान बना रहे हैं, तो फिर उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक की स्पेशल 666 दिन की एफडी स्कीम आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है.  

666 दिन की एफडी, 8.25% ब्याज
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक की 666 दिन की फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम न सिर्फ वरिष्ठ नागरिकों के लिए बल्कि सामान्य निवेशकों के लिए भी फायदे का सौदा है. इस स्कीम में आम ग्राहकों को 8.10% सालाना ब्याज दिया जा रहा है. तो वहीं वरिष्ठ नागरिकों को इससे ज्यादा 8.25 फीसदी ब्याज मिल रहा है. ये ब्याज दर 3 करोड़ रुपये से कम की एफडी के लिए है. बैंक की ओर से बीते 5 मई से ये धांसू ब्याज दर लागू की गई हैं. यानी आम निवेशकों की तुलना में सीनियर सिटीजंस को 666 Days Special FD Scheme में सीधे 15 बेसिस प्वाइंट का लाभ मिल जाता है. 

₹5 लाख की FD पर कितना फायदा?
666 Days Special FD  में निवेश पर वरिष्ठ नागरिकों को होने वाले लाभ का कैलकुलेशन देखें, तो इसका गणित बेहद आसान है. इसे उदाहरण के तौर पर समझते हैं, तो मान लीजिए एक सीनियर सिटीजन ने इस स्पेशल एफडी में 666 दिन के लिए 5 लाख रुपये का निवेश किया, तो उनके लिए लागू 8.25 फीसदी की ब्याज दर के हिसाब से मैच्योरिटी पर उनकी रकम 5,80,338 रुपये हो जाएगी, जिसमें उन्हें मिलने वाले ब्याज की रकम 80,338 रुपये होगी. 

Advertisement

आम नागरिकों के लिहाज से देखें, तो उनके मैच्योरिटी अमाउंट में 1554 रुपये की कमी देखने को मिलेगी. दरअसल, 8.10 फीसदी की ब्याज दर के हिसाब से सामान्य नागरिकों को 666 दिन की एफडी में पांच लाख रुपये के निवेश पर अनुमानित 78,784 रुपये ब्याज से कमाई (Income From FD Interest) होगा और उनका जमा फंड 5,78,784 रुपये हो जाएगा. 

इस बात का रखें ध्यान
FD में निवेश करते समय इस बात का ध्यान रखना जरूरी है, कि फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाले ब्याज पर टैक्स अप्लाई होता है और इसका असर फाइनल अमाउंट पर देखने को मिल सकता है. बैंक की वेबसाइट पर साफ जानकारी दी गई है कि एफडी निवेश पर कमाए गए ब्याज पर इनकम टैक्स एक्ट और नियमों के अनुसार TDS लागू होगा.

सिर्फ ब्याज न देखें, यहां रखें नजर 
एक और खास बात, किसी भी बैंक में एफडी करने से पहले सिर्फ इस बात पर नजर न रखें, कि कौन सा बैंक कितना ज्यादा ब्याज ऑफर कर रहा है.  भले ही सीनियर सिटीजंस को बैंक जोरदार एफडी ब्याज ऑफर कर रहा है, लेकिन इसीके आधार पर FD Scheme का चयन नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें बैंक की वित्तीय स्थिति, अवधि, समय से पहले निकासी की शर्तें और लागू जमा बीमा सीमा पर भी गौर करना जरूरी है और पूरी जांच परख के बाद ही निवेश करना चाहिए. 

Advertisement

(नोट- किसी भी तरह के फाइनेंशियल निवेश से पहले एक्पर्ट्स की जानकारी जरूर लें.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement