scorecardresearch
 

शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्‍स 572 अंक टूटा, निफ्टी 10,601 पर बंद

शेयर बाजार के लिए गुरुवार का दिन भी अच्‍छा नहीं रहा और सेंसेक्‍स  572 टूट गया तो निफ्टी 181 अंक लुढ़का.

Advertisement
X
फोटो - पीटीआई
फोटो - पीटीआई

शेयर बाजार में गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज हुई है. सेंसेक्स 572 अंक टूटकर 35312 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 181 अंक लुढ़क कर 10600 के स्‍तर पर आ गया. लगातार तीसरे दिन बाजार में गिरावट दर्ज हुई है, जबकि इसके पहले लगातार 6 दिन बाजार में बढ़त थी.

दुनिया के बाजारों का पड़ा असर

शेयर बाजार में हाहाकार की कई वजहें रहीं. पहली सबसे बड़ी वजह OPEC मीटिंग में आने वाले नतीजे के पहले दुनियाभर के बाजारों में बड़ी गिरावट और एशिया के प्रमुख बाजारों में भारी बिकवाली रही.  इसके अलावा ग्‍लोबल रेटिंग एजेंसी फिच (Fitch) ने भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 7.4% से घटाकर 7.2% कर दिया है.  वहीं रुपये के कमजोर होने से भी बाजार की चिंता बढ़ी है. आज के कारोबार में रुपया जहां 33 पैसे कमजोर होकर 70.79 प्रति डॉलर पर खुला. वहीं कारोबार में यह 71 डॉलर के स्तर तक कमजोर हो गया.

Advertisement

बुधवार को सेंसेक्स करीब 250 अंक टूटकर 35,884 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी भी  85 अंक लुढ़ककर 10,784 पर रहा. बुधवार को आरबीआई की बैठक में होने वाले फैसले को देखते हुए शुरू से ही निवेशकों के बीच सतर्कता देखने को मिली.  इस वजह से कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ ही हुई.  

इससे पहले भारतीय शेयर बाजार के लिए मंगलवार का दिन भी ठीक नहीं रहा और सेंसेक्‍स 107 अंक गिरकर 36,134 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी भी लुढ़ककर 10869 पर आ गया. वहीं सोमवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा. सोमवार को सेंसेक्स 47 अंक की मामूली बढ़त के साथ 36,241 अंक पर बंद हुआ जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 7 अंक की बढ़त के साथ 10,883.75 अंक पर बंद हुआ था.

रुपया 33 पैसे टूटकर 70.79 पर खुला

डॉलर के मुकाबले रुपया आज 33 पैसे टूटकर 70.79 के स्तर पर खुला है. हालांकि रुपये में बुधवार को हल्की बढ़त देखने को मिली थी. डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे की बढ़त के साथ 70.46 को स्तर पर बंद हुआ था.

Advertisement
Advertisement