scorecardresearch
 

होटल जैसी सुविधा और किराया भी कम, जानें 'सर्विस अपार्टमेंट' के बड़े फायदे

एक शहर से दूसरे शहर जाना अब आम बात हो गई है, लेकिन रहने के लिए होटल का छोटा कमरा हर किसी को रास नहीं आता. यही वजह है कि लोग तेजी से सर्विस अपार्टमेंट की तरफ मुड़ रहे हैं. अगर आप भी होटल या रेंटल के बीच कन्फ्यूज हैं, तो फैसला लेने से पहले इन जरूरी बातों को जरूर जान लें.

Advertisement
X
यहां हर सुविधा है आपके लिए (Photo: Pixabay)
यहां हर सुविधा है आपके लिए (Photo: Pixabay)

आप किसी दूसरे शहर में घूमने जा रहे हो या किसी ऑफिस के काम से सबसे बड़ा यही सवाल होता है कहां रुकें. होटल के छोटे से कमरे में कई दिनों तक रहना थोड़ा बोझ लगने लगता है. शायद यही वजह है कि अब लोग होटलों को छोड़कर सर्विस अपार्टमेंट की ओर रुख कर रहे हैं.

भारत में इनका क्रेज बड़ी तेजी से बढ़ रहा है क्योंकि यहां आपको होटल वाली लग्जरी तो मिलती ही है, साथ ही घर जैसी आजादी और सुकून भी मिलता है. तो चलिए समझते हैं कि आखिर सर्विस अपार्टमेंट क्या है और यह एक आम किराए के मकान से कैसे अलग होता है.

सीधे शब्दों में कहें तो सर्विस अपार्टमेंट एक ऐसा घर है जहां आपको बस अपना सामान लेकर जाना होता है, बाकी सब कुछ वहां पहले से मौजूद होता है. यहां आपको एक सजा-धजा कमरा, अपना किचन और घर की हर छोटी-बड़ी सुविधा मिलती है. यही नहीं, होटल की तरह यहां भी साफ-सफाई के लिए हाउसकीपिंग की सुविधा होती है. इसे आप कुछ दिनों के लिए भी बुक कर सकते हैं और महीनों के लिए भी. अक्सर ऑफिस के काम से दूसरे शहर जाने वाले लोग इसे सबसे ज्यादा पसंद करते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: सस्ती प्रॉपर्टी के चक्कर में न फंसें, डूब जाएगा पैसा, निवेश से पहले जान लें ये बातें

आम अपार्टमेंट से यह कितना अलग है?

अक्सर लोग कंफ्यूज हो जाते हैं कि अपार्टमेंट और सर्विस अपार्टमेंट में फर्क क्या है? इतना ही नहीं, इन दोनों का नाम एक जैसा होने के बावजूद इनके काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है. एक आम अपार्टमेंट आप कम से कम 11-12 महीने के लिए किराए पर लेते हैं और वहां सामान से लेकर साफ-सफाई तक सब आपको खुद देखना पड़ता है. इसके विपरीत, सर्विस अपार्टमेंट पूरी तरह से फर्निश्ड होते हैं और इनका रखरखाव मालिक की जिम्मेदारी होती है. यहां आपको वाई-फाई से लेकर बिजली-पानी के बिल की भी टेंशन नहीं लेनी पड़ती.

क्यों बढ़ रही है इसकी डिमांड?

आजकल के युवा प्रोफेशनल्स और ट्रैवलर्स प्राइवेसी और सुविधा दोनों चाहते हैं. सर्विस अपार्टमेंट्स ने अब खुद को और भी हाई-टेक बना लिया है. यही नहीं, कई जगहों पर तो अब रिसेप्शन पर लाइन लगाने की जरूरत भी नहीं पड़ती, सब कुछ ऐप के जरिए डिजिटल चाबी से हो जाता है. इसके अलावा, होटल के मुकाबले यहां जगह ज्यादा मिलती है और आप अपनी पसंद का खाना खुद किचन में बना सकते हैं, जो लंबी यात्रा के दौरान सेहत और जेब दोनों के लिए अच्छा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: देश के टॉप 7 शहरों में बढ़ा फ्लैट्स का साइज, मुंबई में घर अब भी सबसे छोटे

यहां क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं?

सर्विस अपार्टमेंट को आप अपने घर जैसा ही मान सकते हैं, क्योंकि यहां आपको वो सब कुछ मिल जाता है जिसकी जरूरत रोजमर्रा की जिंदगी में पड़ती है. बेडरूम और बाथरूम की बात करें तो यहां साफ चादरें, तौलिए और टीवी तो मिलता ही है, यही नहीं, बाथरूम में शैम्पू-साबुन से लेकर हेयर ड्रायर जैसी छोटी-छोटी चीजों का भी पूरा ख्याल रखा जाता है.

इतना ही नहीं, यहां आपको अपना एक सुसज्जित किचन भी मिलता है, जिसमें फ्रिज, माइक्रोवेव, ओवन, बर्तन और चाय-कॉफी बनाने की मशीन पहले से मौजूद होती है. खास बात यह है कि यहां कपड़ों की चिंता दूर करने के लिए वॉशिंग मशीन की सुविधा भी दी जाती है. इसके अलावा, हाई-स्पीड वाई-फाई, जिम, रेस्टोरेंट और नियमित साफ-सफाई जैसी सर्विस आपकी लाइफ को और भी आसान बना देती हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement