बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में स्थित एक कमर्शियल ऑफिस स्पेस को 5 साल के लिए लीज पर दिया है, जिससे उन्हें ₹17 लाख का मासिक किराया मिलेगा. 'क्लियरसिंथ लैब्स लिमिटेड' के साथ हुए इस समझौते में शुरुआती तीन सालों के बाद किराए में 15% की बढ़ोतरी का प्रावधान भी शामिल है.
यह लगभग 6,000 वर्ग फुट में फैला एक बड़ा स्पेस है, जिसमें 7 अलग-अलग ऑफिस यूनिट्स और गाड़ियों के लिए 7 पार्किंग स्पेस शामिल हैं. उन्होंने यह प्रॉपर्टी 'क्लियरसिंथ लैब्स लिमिटेड' नाम की कंपनी को 'लीव एंड लाइसेंस' एग्रीमेंट के तहत पूरे 5 सालों के लिए दी है, जो 31 मार्च 2031 तक मान्य रहेगा.
हालांकि लाइसेंस की अवधि 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है, लेकिन इस समझौते का रजिस्ट्रेशन 29 जून 2026 को किया गया था. समझौते के तहत ऋतिक रोशन को 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2029 तक प्रति माह ₹17 लाख का लाइसेंस शुल्क मिलेगा, जिसका भुगतान हर महीने की 7 तारीख या उससे पहले अग्रिम रूप से किया जाएगा. इसके बाद 1 अप्रैल 2029 से मासिक शुल्क 15% बढ़कर ₹19.55 लाख हो जाएगा और 31 मार्च 2031 तक इसी दर पर रहेगा.
यह भी पढ़ें: कागजों पर दाम बढ़ना ही काफी नहीं, रियल एस्टेट में निवेश से पहले समझें असली खेल
इस कागजी समझौते में साफ तौर पर लिखा है कि इस जगह का इस्तेमाल सिर्फ ऑफिस के काम के लिए ही होगा. इससे किराएदार को इस संपत्ति का कोई मालिकाना हक या कब्जा जमाकर बैठने का अधिकार नहीं मिलता, और न ही वे 'महाराष्ट्र रेंट कंट्रोल एक्ट' के तहत किसी कानूनी सुरक्षा का दावा कर सकते हैं.
इस सौदे को कानूनी रूप से पक्का करने के लिए लगभग ₹2.79 लाख स्टाम्प ड्यूटी, ₹1,000 रजिस्ट्रेशन फीस और ₹1,800 डॉक्यूमेंट चार्ज दिए गए हैं. यह समझौता ऋतिक रोशन और 'क्लियरसिंथ लैब्स लिमिटेड' कंपनी के प्रतिनिधि विशाल आर. चितोले के बीच हुआ है. इसके अलावा, कंपनी ने सुरक्षा के तौर पर ऋतिक रोशन के पास ₹2.68 करोड़ की भारी-भरकम राशि भी जमा कराई है.
यह भी पढ़ें: लाखों के फ्लैट, सड़कों पर रेंगती गाड़ियां...नोएडा एक्सटेंशन के 'महाजाम' का अंत कब