scorecardresearch
 

गुरुग्राम में अल्ट्रा लग्जरी घरों की बिक्री में 10 गुना उछाल, मुंबई को पछाड़ा

दुनिया भर की उथल-पुथल के बावजूद, गुरुग्राम का अल्ट्रा-लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट काफी मजबूत नजर आ रहा है. बुनियादी ढांचे के विकास और लोगों की बढ़ती संपत्ति ने इसे 2025 में भारत के सबसे प्रमुख हाई-एंड रेजिडेंशियल हब के रूप में स्थापित कर दिया है.

Advertisement
X
गुरुग्राम में खूब बिके लग्जरी घर (Photo-ITG)
गुरुग्राम में खूब बिके लग्जरी घर (Photo-ITG)

गुरुग्राम अब भारत के सबसे तेजी से बढ़ते अल्ट्रा-लग्जरी हाउसिंग हब के रूप में उभरा है. इंडिया सोथबी इंटरनेशनल रियल्टी (ISIR) और CRE मैट्रिक्स की ताजा 'हाई-एंड लग्जरी हाउसिंग रिपोर्ट' के अनुसार, साल 2025 गुरुग्राम के रियल एस्टेट इतिहास के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ है.

कैलेंडर वर्ष 2025 में गुरुग्राम ने ₹10 करोड़ और उससे अधिक कीमत वाले घरों की बिक्री में ₹24,120 करोड़ का रिकॉर्ड बनाया है. यह शहर के लग्जरी सेगमेंट में अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक आंकड़ा है, जो कुल लेनदेन मूल्य के मामले में गुरुग्राम को मुंबई से भी आगे ले गया है.

यह भी पढ़ें: सन्नाटा, अंधेरा और डर... दिल्ली का पहला मॉल क्यों बन गया 'भूतिया शहर'!

सबसे ज्यादा अल्ट्रा लग्जरी घर गुरुग्राम में बिके

रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के दौरान गुरुग्राम में करीब 1,494 अल्ट्रा-लग्जरी घर बेचे गए, जो किसी भी 12 महीने की अवधि में शहर में होने वाली बिक्री का सबसे बड़ा आंकड़ा है.
 
यह उछाल हाई-नेट-वर्थ व्यक्तियों (HNIs) और अल्ट्रा-HNIs की मांग में आए बदलाव को दर्शाता है, क्योंकि साल 2023 में ऐसी इकाइयों की बिक्री मात्र 155 थी. कुल लेनदेन मूल्य साल 2023 के ₹4,004 करोड़ से छह गुना बढ़कर 2025 में ₹24,119 करोड़ पर पहुंच गया. गुरुग्राम के पूरे हाउसिंग सेक्टर में अल्ट्रा-लग्जरी श्रेणी की हिस्सेदारी मूल्य के आधार पर 24% रही, जिससे साफ जाहिर होता है कि गुरुग्राम के रियल एस्टेट मार्केट में अब महंगे घरों का बोलबाला बढ़ रहा है."

Advertisement

खरीदारों की प्राथमिकताओं की बात करें तो इस साल बिकने वाले घरों का औसत 'टिकट साइज' ₹16 करोड़ रहा, जो प्रीमियम आवासों के लिए लगातार बनी हुई पसंद को दर्शाता है. बिकने वाले घरों का औसत आकार लगभग 5,000 वर्ग फुट था, जिसमें 4,000 से 6,000 वर्ग फुट वाली श्रेणियों का मूल्य हिस्सेदारी में दबदबा रहा. विशेष रूप से, 8,000 वर्ग फुट से बड़े घरों का कुल लेनदेन मूल्य में लगभग 22% योगदान रहा, जो संकेत देता है कि अब खरीदार बड़े और आधुनिक सुविधाओं से लैस विशाल घरों को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें: होटल जैसी सुविधा और किराया भी कम, जानें 'सर्विस अपार्टमेंट' के बड़े फायदे

नए उभरते इलाकों का जलवा

इस बढ़त में नए उभरते इलाकों ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है. द्वारका एक्सप्रेसवे पर होने वाले सौदों की वैल्यू में 2,079% का भारी उछाल देखा गया, जो 2024 के ₹383 करोड़ से बढ़कर 2025 में ₹8,347 करोड़ हो गया. इसका मुख्य कारण यहां बड़े लग्जरी प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग और बेहतर कनेक्टिविटी है. वहीं, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर बिक्री मूल्य में 379% की वृद्धि हुई, और यहां कीमतों में भी बड़ी तेजी आई. यहां औसत दाम ₹24,855 से बढ़कर ₹37,899 प्रति वर्ग फुट पहुंच गए. दूसरी ओर गोल्फ कोर्स रोड जैसे पुराने मशहूर इलाकों में नए घरों की कमी के कारण गतिविधियों में थोड़ी नरमी देखी गई.

Advertisement

ISIR की एरिया डायरेक्टर टीना तलवार ने कहती हैं, "सबसे खास बात यह है कि अब यह बढ़त सिर्फ पुराने और गिने-चुने इलाकों तक सीमित नहीं रही." उन्होंने इसका श्रेय बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, शानदार प्रोजेक्ट्स और नए प्रीमियम इलाकों तक सुगम पहुंच को दिया. CRE मैट्रिक्स के को-फाउंडर और CEO अभिषेक किरण गुप्ता ने बताया कि यह उछाल बाजार में आ रहे भारी निवेश और खरीदारों के अटूट भरोसे को दर्शाता है. उन्होंने कहा, "लग्जरी सेगमेंट में लगभग दस गुना की यह बढ़ोतरी दिखाती है कि अब खरीदार बहुत सोच-समझकर फैसला ले रहे हैं और वे प्राइम लोकेशन, कंस्ट्रक्शन क्वालिटी और बड़े ब्रांड्स को प्राथमिकता दे रहे हैं." 

क्यों बढ़ रही है लग्जरी घरों की डिमांड

रिपोर्ट यह भी बताती है कि लग्जरी घरों की मांग बढ़ने का एक बड़ा कारण देश में बढ़ती पूंजी है. साल 2025 में 103 भारतीय कंपनियों ने IPO के जरिए रिकॉर्ड $19.54 बिलियन जुटाए, जिससे अमीर उद्यमियों और फाउंडर्स का एक नया वर्ग तैयार हुआ है जो अब प्रॉपर्टी मार्केट में निवेश कर रहा है. व्हाइटलैंड कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर स्ट्रैटेजी, सुदीप भट्ट के कहते हैं-

“द्वारका एक्सप्रेसवे एक आकर्षक प्रीमियम हाउसिंग कॉरिडोर बन गया है.  बेहतर कनेक्टिविटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर की वजह से ये इलाका तेजी से विकास कर रहा है. बड़े प्लॉट होने की वजह से डेवलपर्स यहां ऐसी शानदार सोसायटियां बना पा रहे हैं, जिनकी कल्पना आज का खरीदार करता है. अब यहां 'ब्रांडेड रेजिडेंस' का ट्रेंड भी तेजी पकड़ रहा है, जहां नामी इंटरनेशनल ब्रांड्स के साथ मिलकर वर्ल्ड-क्लास घर बनाए जा रहे हैं. ये घर उन लोगों के लिए हैं जो बेहतरीन सर्विस और स्टैंडर्ड लाइफस्टाइल चाहते हैं.'

Advertisement

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में क्यों बढ़ रही है सीनियर लिविंग होम्स की डिमांड?

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement