भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को तूफानी तेजी के साथ ओपन हो सकता है. इसके सिग्नल विदेशों से मिल रहे हैं. दरअसल, पांच हफ्तों से जारी मिडिल ईस्ट युद्ध को लेकर मंगलवार को बड़ी खबर आई कि अमेरिका और ईरान दोनों सीजफायर (US-Iran Ceasefire) पर सहमत हो गए हैं. इसके बाद जहां अमेरिकी शेयर बाजार रॉकेट बन गए, तो वहीं कच्चे तेल की कीमतें अचानक ही धड़ाम (Crude Oil Price Fall) हो गईं.
इसका असर बुधवार को एशियाई शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही दिखा. जापान का निक्केई हो, साउथ कोरिया का कोस्पी हो या फिर हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स खुलने के साथ ही तूफानी रफ्तार से भागते दिखे. इस बीच गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) की बात करें, तो ये 800 अंक तक चढ़ गया, जो सेंसेक्स-निफ्टी में बम-बम के साफ संकेत दे रहा है.
अचानक बदले ट्रंप के सुर
मिडिल-ईस्ट में बीते पांच हफ्तों से जोरदार जंग जारी थी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को तबाह करने की धमकियों का सिलसिला भी जारी थी. इसके बाद पाकिस्तान के जरिए ईरान ने अमेरिका का 10 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अमेरिका रजामंद हो गया और अचानक ट्रंप के सुर बदल गए.बीते 28 फरवरी को शुरू हुई इस महाजंग में अब सीजफायर का ऐलान हो गया है. Donald Trump ने दो हफ्तों के लिए जंग रोकने की घोषणा कर दी. उन्होंने कहा कि वह ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई रोक देंगे.
क्रूड के दाम अचानक क्रैश
मिडिल ईस्ट जंग पर ब्रेक लगने की खबर आते ही सबसे बड़ा असर तेल की कीमतों पर देखने को मिला और Crude Oil Price Crash हो गए. मंगलवार को 110 डॉलर के पार ट्रेड कर रहा ब्रेंड क्रूड का दाम गिरकर एक झटके में 13 फीसदी की गिरावट के साथ 95.90 डॉलर पर आ गया, तो WTI Crude 96 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था.
झूम उठे हैं ग्लोबल बाजार
US-Iran Ceasefire पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को जहां अमेरिकी शेयर बाजारों में धूम मची हुई नजर आई थी और Dow Future 1000 अंक से ज्यादा उछलकर बंद हुआ था, जबकि S&P में 155 अंकों की तेजी देखने को मिली थी. इसका असर बुधवार को एशियाई बाजारों में दिखा.
खबर लिखे जाने तक जापान का निक्केई (Japan Nikkei) 2657 अंक की तेजी लेकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं Hongkong Hangseng 700 अंक चढ़कर 25,802 पर ट्रेड कर रहा था. इसके अलावा बात साउथ कोरिया के कोस्पी (Kospi Index) की करें, तो इसमें करीब 400 अंकों का उछाल देखने को मिला.
भारत में भी मचेगा गदर
भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेशी मार्केट में तेजी गुड सिग्नल हैं. Gift Nifty में 800 अंकों की उछाल से सेंसेक्स-निफ्टी में भी धुआंधार तेजी के संकेत मिल रहे हैं. बीते कारोबारी दिन मंगलवार को BSE Sensex 509 अंक की उछाल लेकर 74,616 पर क्लोज हुआ था, तो वहीं NSE Nifty ने दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में 155 अंक की तेजी के साथ 23,123 पर क्लोजिंग की थी.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)