शेयर बाजार में बीते सप्ताह तगड़ी गिरावट देखने को मिली थी. बीएसई का सेंसेक्स 2.33 फीसदी, तो एनएसई का निफ्टी 1.87 फीसदी की गिरावट में रहा था. इस बीच सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में से सात कंपनियों को बड़ा 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है. अगले सप्ताह शेयर बाजार को लेकर एक्सपर्ट का कहना है कि मिडिल ईस्ट युद्ध के लेकर आने वाले अपडेट के साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में आने-वाला उतार-चढ़ाव समेत तीन बड़े फैक्टर सेंसेक्स-निफ्टी की चाल तय करेंगे.
शेयर बाजार के सेंटीमेंट को प्रभावित करने में जहां इन विदेशी कारणों का बड़ा रोल रहेगा, तो फिलहाल जारी किए जा रहे भारतीय शेयर मार्केट में लिस्टेड कंपनियों के तिमाही नतीजों का भी बड़ा रोल रहेगा.
होर्मुज पर रहेगा बाजार की नजर
पहले फैक्टर की बात करें, तो पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एनालिस्ट का कहना है कि मिडिल ईस्ट की जियो पॉलिटिकल स्थिति, जो खासतौर पर दुनिया में तेल सप्लाई के लिए जरूरी समुद्री रूट होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी हुई है, उसे लेकर आने वाले अपडेट का असर शेयर मार्केट पर देखने को मिलेगा. ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी का कहना है कि Hormuz Strait को लेकर किसी भी प्रकार का व्यवधान शेयर बाजार में अस्थिरता और मुनाफावसूली को तेज करने वाला साबित हो सकता है.
कच्चे तेल की कीमतों का दिखेगा असर
पोनमुडी आर ने दूसरा फैक्टर बताते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान में बातचीत से जुड़ी खबरों का गहरा प्रभाव रहने की उम्मीद है. कच्चे तेल की कीमतों पर नजर रहेगी. इनमें स्थिरता, गिरावट या तेजी पर शेयर मार्केट रिएक्ट करेगा. अगर तेल की कीमतों में स्थिरता या गिरावट आती है, तो ये चिंताओं को कम करने में मददगार साबित होगी. ऐसा होने पर शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है. बता दें अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिलहाल ब्रेंट क्रूड की कीमत 105 डॉलर प्रति बैरल के पार चल रही है.
कंपनियों के नतीजों पर पैनी नजर
शेयर बाजार की चाल पर असर डालने वाले तीसरे फैक्टर की बात करें, तो कंपनियों द्वारा जारी किए जा रहे चौथी तिमाही के नतीजों का असर Stock Market पर देखने को मिलेगा. एनालिस्ट का कहना है कि अगला सप्ताह मुख्य रूप से कंपनियों के वित्तीय नतीजों पर केंद्रित है, जिससे शेयरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
यहां बता दें कि अगले सप्ताह शेयर बाजार में चार दिन कारोबार होगा, क्योंकि Stock Market Holiday कैलेंडर पर नजर डालें, तो महाराष्ट्र दिवस के मौके पर 1 मई को दलाल स्ट्रीट पर अवकाश घोषित है यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी. बाजार की चाल को प्रभावित करने वाले अन्य कारकों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fedral Reserve) द्वारा पॉलिसी रेट को लेकर लिए गए किसी भी फैसले पर शेयर मार्केट इन्वेस्टर्स की पैनी नजर रहेगी.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)