scorecardresearch
 

दिवाली सेल में सस्ते सामान के चक्कर में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, इन गलतियों से बचें

दिवाली सेल में सस्ते सामान और भारी डिस्काउंट के चक्कर में साइबर ठग आपके बैंक अकाउंट पर नजर रख रहे हैं. फर्जी वेबसाइट, WhatsApp लिंक और रिफंड के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा सकता है. ऑनलाइन शॉपिंग करते समय इन जरूरी बातों का ध्यान रखें और अपनी मेहनत की कमाई बचाएं.

Advertisement
X
सस्ते ऑफर के चक्कर में बैंक अकाउंट खाली न हो जाए, ऑनलाइन शॉपिंग करते समय रहें सावधान (Photo: AI)
सस्ते ऑफर के चक्कर में बैंक अकाउंट खाली न हो जाए, ऑनलाइन शॉपिंग करते समय रहें सावधान (Photo: AI)

दिवाली के मौके पर ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स पर कई तरह के ऑफर मिल रहे हैं. स्मार्टफोन, टीवी, फ्रिज और कपड़ों पर भारी डिस्काउंट देखकर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं.

लेकिन सस्ते सामान के चक्कर में की गई एक छोटी सी गलती आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है. साइबर ठग भी दिवाली सेल के दौरान लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

फर्जी वेबसाइट से शॉपिंग करना पड़ सकता है भारी

दिवाली सेल के दौरान कई बार ठग असली शॉपिंग वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बना देते हैं. इन पर स्मार्टफोन और दूसरे महंगे सामान बेहद कम कीमत पर दिखाए जाते हैं. लोग सस्ता ऑफर देखकर बिना जांच किए पेमेंट कर देते हैं.

इसके बाद न सामान मिलता है और न ही पैसे वापस आते हैं. इसलिए किसी भी वेबसाइट से खरीदारी करने से पहले उसका URL चेक करें और भरोसेमंद वेबसाइट या ऐप का ही इस्तेमाल करें.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Microsoft की छंटनी क्यों नहीं है Oracle-Amazon जैसी? खुद का स्टार्टअप खोलने में मदद करेगी कंपनी

WhatsApp पर आए ऑफर के लालच में न आएं

दिवाली पर WhatsApp और SMS के जरिए कई तरह के ऑफर वाले मैसेज आते हैं. इनमें भारी डिस्काउंट, फ्री गिफ्ट और कैशबैक का लालच दिया जाता है. ऐसे मैसेज के साथ एक लिंक भी भेजा जाता है.

इस पर क्लिक करने से आप फर्जी वेबसाइट पर पहुंच सकते हैं, जहां आपकी निजी जानकारी चोरी हो सकती है. इसलिए अनजान नंबर से आए किसी भी ऑफर लिंक पर आंख बंद करके भरोसा न करें.

रिफंड के नाम पर हो सकती है ठगी

कई बार साइबर ठग खुद को शॉपिंग कंपनी का कर्मचारी या कस्टमर केयर एजेंट बताकर फोन करते हैं. वे ऑर्डर कैंसिल करने या रिफंड दिलाने के नाम पर बैंक डिटेल, OTP और UPI PIN मांगते हैं. ध्यान रखें कि पैसे पाने के लिए UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होती. अपना OTP, UPI PIN या बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें.

यह भी पढ़ें: ₹12 हजार सस्ता हुआ 32 इंच का TV, Amazon ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल में मिल रही बंपर छूट!

बहुत सस्ता सामान देखकर न करें जल्दबाजी

अगर कोई वेबसाइट बाजार की कीमत से काफी कम में महंगा स्मार्टफोन या दूसरा सामान बेच रही है, तो पहले उसकी जांच करें. वेबसाइट पर विक्रेता की जानकारी, ग्राहक के रिव्यू और रिटर्न पॉलिसी जरूर पढ़ें. किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और न ही स्क्रीन शेयर करें.

Advertisement

ठगी होने पर तुरंत यहां करें शिकायत

अगर ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान आपके साथ ठगी हो जाती है, तो तुरंत अपने बैंक को इसकी जानकारी दें. इसके अलावा साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.

जल्दी शिकायत करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बेहतर हो सकती है. इसलिए दिवाली सेल में खरीदारी करते समय ऑफर के साथ-साथ अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें. थोड़ी सी सावधानी आपको साइबर ठगी से बचा सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement