अमेरिका में 28 अक्टूबर की रात में एक बड़ा फैसला होने जा रहा है, जिसपर दुनियाभर की निगाहें टिकी हुई हैं. खासकर शेयर बाजार में निवेशकों के लिए यह फैसला काफी अहम होने वाला है. इस फैसले से ही शेयर बाजार का सेंटिमेंट भी बदल सकता है.
दरअसल, यह बात फेडरल रिजर्व बैंक की पॉलिसी मेकिंग में हुए फैसले को लेकर हो रही है. आज इसपर फैसला आने वाला है. फेडरल रिजर्व बैंक कुछ ही देर में रेट पर बढ़ोतरी या स्थिर होने का फैसला ले सकता है. ज्यादातर एक्सपर्ट्स कह रहे हैं कि इस बार रेट में कोई बदलाव नहीं हो सकता है, लेकिन वहीं कुछ एक्सपर्ट्स इसमें बढ़ोतरी का अंदेशा जता रहे हैं.
अगर फेड रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है तो शेयर बाजार में भारी गिरावट आने की आशंका बढ़ जाएगी. खासकर भारतीय बाजार में इस फैसले का ज्यादा असर दिखाई दे सकता है, क्योंकि भारतीय बाजार पहले से ही काफी दबाव में कारोबार कर रहा है.
मार्केट में उतार-चढ़ाव
अमेरिकी बाजार में फेड के फैसले से पहले काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. अमेरिकी शेयर बजाार में अभी मामूली बढ़ोतरी देखी जा रही है. निवेशक भी इस फैसले का इंतजार कर रहे हैं और अभी बाजार में ट्रेडिंग या निवेश से बच रहे हैं. डाउ 124 अंक या 0.24 फीसदी चढ़कर कारोबार कर रहा है, जबकि S&P में 0.16 फीसदी की तेजी आई है. कुछ देर पहले इसमें गिरावट देखी जा रही थी.
आज कैसा रहा भारतीय बाजार?
बुधवार को इंट्राडे कारोबार के दौरान निफ्टी करीब 300 अंक तक टूट गया था और सेंसेक्स में 1000 अंकों की गिरावट आई थी. हालांकि, बाद में मार्केट में रिकवरी आई और निफ्टी 51 अंक गिरकर 22,700 के नीचे बंद हुआ और सेंसेक्स 352 अंक गिरकर 7246 पर बंद हुआ.
आज इंटरेस्ट रेट में बढ़ेगा या नहीं?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि फेडरल रिजर्व आज इंटरेस्ट रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं करेगा. उनका कहना है कि खास बात ये है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लेकर क्या कमेट्री करता है. वहीं यह भी सवाल है कि इस बार अगर वह रेट नहीं बढ़ाता है तो क्या दिसंबर के दौरान रेट बढ़ाएगा?
सितंबर में बढ़ा था ब्याज दर
फेड रिजर्व की ओर से सितंबर के दौरान 25 बेसिस पॉइंट इंटरेस्ट रेट में बढ़ोतरी हुई थी. फेड चेयरमैन केविन वॉर्श स्पष्ट कर चुके हैं कि फिलहाल उनका फोकस महंगाई बढ़ने से रोकने पर है. मिडिल ईस्ट में तनाव है और काफी टाइम से कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर के ऊपर बनी हुई हैं, जिस कारण महंगाई भी तेजी से बढ़ रही है.
सोने-चांदी पर भी असर
एक्सपर्ट्स यह भी कह रहे हैं कि सोने-चांदी की चाल अब फेड के फैसले पर टिकी हुई है. अगर फेडरल रिजर्व बैंक की ओर से रेट में बढ़ोतरी की जाती है, तब तो सोना और चांदी का भाव तेजी से गिरेगा, लेकिन अगर बढ़ोतरी नहीं की जाती है तो सोने-चांदी के भाव में गिरावट की जगह रिकवरी आ सकती है.
(नोट- किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)