महाराष्ट्र के लातूर में कार चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे अंजाम देने में दो बदमाशों को महज 30 सेकंड लगे. दोनों देर रात ऑफिस के सामने खड़ी कार के पास पहुंचे, दरवाजा खोला और गाड़ी स्टार्ट कर फरार हो गए. चोरी की यह पूरी घटना इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
दरअसल, यह घटना लातूर शहर के खडगांव रोड स्थित आनंदी नशामुक्ति केंद्र के सामने की है. यहां सड़क किनारे पार्किंग में सफेद रंग की हुंडई कंपनी की एक्सटर एसयूवी खड़ी थी. 27 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब तीन बजे दो युवक वहां पहुंचे. फिर दोनों आरोपियों ने कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की. इस दौरान दोनों ने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे रुमाल से ढक रखे थे.
यह भी पढ़ें: 'नंगा करके बेल्ट से पीटा, प्राइवेट पार्ट्स पर पेट्रोल डाला...' लातूर में युवक के साथ बर्बरता की हदें पार
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने कार का दरवाजा खोलने में करीब 15 सेकंड लगाए. इसके बाद वे अंदर बैठे और सेल्फ मारकर गाड़ी स्टार्ट कर दी. फिर कार को पार्किंग से निकालकर मौके से फरार हो गए. इस तरह पूरी वारदात को अंजाम देने में उन्हें करीब 30 सेकंड लगे.
अलार्म बजता रहा, लेकिन देर रात किसी ने नहीं दिया ध्यान
कार का दरवाजा खुलते ही उसका सेफ्टी सेंट्रल लॉक अलार्म बजने लगा. गाड़ी की चारों पॉइंट पार्किंग लाइट भी जल रही थीं और अलार्म की आवाज काफी तेज थी. इसके बावजूद देर रात का समय होने के कारण ऑफिस के किसी कर्मचारी या बगल में रहने वाले लोगों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया.
आरोपियों ने इसी मौके का फायदा उठाया और कार लेकर फरार हो गए. पूरी घटना इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. अब यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों संदिग्धों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं.
MIDC पुलिस स्टेशन में शिकायत, CCTV के आधार पर जांच
कार चोरी होने के बाद उसके मालिक ने लातूर शहर के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर दोनों संदिग्धों की पहचान करने और चोरी हुई हुंडई एक्सटर एसयूवी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी कौन हैं और चोरी की गई गाड़ी किस दिशा में ले जाई गई. फिलहाल मामले में जांच जारी है.