Tata Group की कंपनी तेजस नेटवर्क के शेयरों में शानदार तेजी देगी गई. गुरुवार को यह शेयर 15 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया और 367 रुपये पर पहुंच गया. टाटा के इस शेयर में तेजी तब आई, जब कंपनी ने ऐलान किया कि उसने 5G मैसिव MIMO रेडियो के निर्माण और आपूर्ति के लिए एनईसी कॉर्पोरेशन के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है.
5G मैसिव MIMO (मल्टीपल इनपुट मल्टीपल आउटपुट) रेडियो टेक्नोलॉजी, उच्च क्षमता वाले बेस स्टेशन एंटेना हैं, जो संकीर्ण, सटीक बीम (बीमफॉर्मिंग) बनाने के लिए दर्जनों या सैकड़ों तत्वों का उपयोग करते हैं. मिड-बैंड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए, ये कई यूजर्स को एक साथ डेटा स्ट्रीम का समर्थन करके 5G की क्षमता, कवरेज और यूजर्स स्पीड को बढ़ाते हैं.
अब तेजस नेटवर्क के शेयरों की बात करें तो एक महीने के दौरान इस शेयर में 19 फीसदी की तेजी आई है. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 5646 करोड़ रुपये है. बीएसई पर कुल 16.09 लाख तेजस शेयरों का लेन-देन हुआ, जिससे 55.15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ. इस शेयर ने 4 अप्रैल, 2025 को 914.50 रुपये का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर और 27 जनवरी, 2026 को 294.10 रुपये का 52-सप्ताह का न्यूनतम स्तर टच किया है.
कंपनी के अधिकारी ने क्या कहा?
तेजस नेटवर्क्स के मुख्य परिचालन अधिकारी और कार्यकारी निदेशक अर्नोब रॉय का कहना है कि एनईसी के साथ हमारी साझेदारी ग्लोबल टेलीकॉम कंपनियों के लिए कैरियर-क्लास उत्पाद विकास में हमारी संबंधित विशेषज्ञता का लाभ उठाकर वायरलेस नवाचार को गति देगी. हम दुनिया भर के ग्राहकों की बदलती जरूरतों को पूरा करने वाले अत्याधुनिक 5G/5G-एडवांस्ड सॉल्यूशन को विकसित करने के लिए एनईसी के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे.
क्या करती है टाटा की ये कंपनी?
तेजस नेटवर्क्स एक टॉप मैन्युफैक्चरर और आपूर्तिकर्ता कंपनी है, जो 4G और 5G रेडियो एक्सेस नेटवर्क (आरएएन) पेशकशों सहित बहुमुखी मोबिलिटी उत्पाद चेन प्रोवाइड कराती है, जिसमें उच्च क्षमता वाले 32टीआर और 64टीआर मैसिव एमआईएमओ रेडियो शामिल हैं जो 3जीपीपी और ओ-आरएएन दोनों मानकों का अनुपालन करते हैं.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)