मंगलवार को दिन साउथ कोरिया के शेयर बाजार (South Korea Stock Market Crash) में पैसे लगाने वाले निवेशकों के लिए बेहद खराब साबित हुआ है. खुलते ही कोस्पी इंडेक्स में भूचाल देखने दो मिला और जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ता गया, KOSPI में गिरावट तेज होती चली गई.
खबर लिखे जाने तक 11 बजे के आसपास साउथ कोरियाई इंडेक्स 11 फीसदी से ज्यादा की गिरावट लेकर कारोबार करता नजर आया. सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट देखने के चलते साउथ कोरिया के शेयर बाजार का बुरा हाल हो गया.
देखते ही देखते क्रैश हुआ KOSPI
Chip Stocks में बिकवाली के चलते कोस्पी इंडेक्स की चाल में आए बदलाव पर नजर डालें, तो सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन कोस्पी (KOSPI) अपने पिछले कारोबारी बंद 6755.75 की तुलना में फिसलकर 6,400 पर ओपन हुआ और फिर खबर लिखे जाने तक ये इंडेक्स टूटते हुए 5992.91 के लेवल पर आ गया.
चिप शेयरों में बिकवाली से हाहाकार
चिप कंपनियों के शेयरों में वैश्विक स्तर पर जोरदार बिकवाली के चलते मंगलवार को खुलने के सात ही दक्षिण कोरियाई बाजार में हाहाकार मच गया. दिग्गज कोरियाई चिप कंपनियों के शेयर भी देखते ही देखते बिखर गए. चीन से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और SK हाइनिक्स के शेयरों में आई 12 फीसदी से ज्यादा की भारी गिरावट से भी कंपनियों पर दबाव बढ़ा.
इसके अलावा बड़ी मेमोरी चिप निर्माता सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का शेयर भी देखते ही देखते बिखर गया. SK Hynix और SAMSUNG कोरिया के व्यापक चिप मार्केट में आधे हिस्से को संभालते हैं और इनके शेयरों में बिकवाली से बाजार में भूचाल देखने को मिला है.
ताइवान-जापान में भी आया भूचाल
चिप स्टॉक्स में भारी गिरावट का असर न सिर्फ साउथ कोरिया के शेयर बाजार में देखने को मिला है, बल्कि इस सेक्टर में बड़ा रोल निभाने वाला ताइवान और जापान का स्टॉक मार्केट पर भी दिखा है. जापान का निक्केई-225 और ताइवान का ताइएक्स भी 4 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया.
Chip Stock Crash के पीछे वैल्यूएशन संबंधी चिंताओं के बीच चिप मैन्युफैक्चरर कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का तेज होना है. AI पर खर्च में तेजी की स्थिरता को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सेमीकंडक्टर शेयरों में वैश्विक स्तर पर Selloff देखने को मिला है. यह तेज गिरावट इसी बढ़ती चिंता के बीच आई है कि वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) निवेश में तेजी की रफ्तार धीमी हो सकती है और चिप उद्योग में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है.
(नोट: शेयर बाजारों में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)