scorecardresearch
 

ट्रेन में सीट को लेकर बवाल! ट्रेन में महिला ने चप्पल दिखाकर दी गालियां, पत्नी को अपशब्द कहने पर युवक ने जड़े थप्पड़

बिहार के एक ट्रेन के जनरल कोच में सीट को लेकर महिला और युवक के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में महिला हाथ में चप्पल लेकर युवक को गालियां देती दिख रही है. युवक की पत्नी को अपशब्द कहने पर पति ने महिला को कई थप्पड़ जड़ दिए. घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है.

Advertisement
X
वीडियो वायरल.(Photo: Jahangir Alam/ITG)
वीडियो वायरल.(Photo: Jahangir Alam/ITG)

ट्रेन के जनरल कोच में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो को लेकर लोग दो खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं. कुछ लोग महिला का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ युवक के पक्ष में टिप्पणी कर रहे हैं.

बताया जा रहा है कि यह घटना बिहार के किसी ट्रेन रूट की है. ट्रेन के जनरल कोच में एक महिला अपनी बेटी के साथ सफर कर रही थी, जबकि उसी कोच में एक युवक अपनी पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था. जनरल कोच में भीड़ अधिक होने के कारण सीट को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई.

यह भी पढ़ें: दिल्ली के खुले सीवर में समस्तीपुर के बेटे की मौत, पत्नी का आरोप- धक्का देकर मार डाला

सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, युवक साइड वाली सीट के कोने पर एक अन्य यात्री के पास बैठा हुआ था. इसी दौरान पास में बैठी महिला की उससे कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि महिला हाथ में चप्पल लेकर युवक को गाली देने लगी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी.

Advertisement

वायरल वीडियो में महिला कहती सुनाई देती है कि युवक लेडीज बोगी में कैसे चढ़ गया है. वह टीटीई को बुलाकर उसे ट्रेन से बाहर निकलवाने की धमकी देती है. महिला बार-बार युवक को अपशब्द कहती है और कहती है कि उसका बेटा इंजीनियर है और पति सुपरवाइजर है.

वायरल वीडियो में दिखी तीखी नोकझोंक

वीडियो में महिला हाथ में चप्पल लेकर लगातार युवक को धमकाती नजर आती है. वह कहती है कि इतना मारूंगी कि अक्ल ठिकाने आ जाएगी और बार-बार यह भी कहती है कि लेडीज से बात करने की तमीज नहीं सीखी.

महिला इस दौरान यह भी कहती दिखती है कि वह अपने बेटे का इलाज पटना में करवा रही है और उसे दिल्ली से पटना रेफर किया गया है. महिला का दावा है कि उसका बेटा बेंगलुरु में इंजीनियर है. वह अपनी बेटी को भी बुलाते हुए कहती है कि उसकी बेटी युवक से ज्यादा सुंदर है और बार-बार अपनी पहचान और परिवार का जिक्र करती रहती है.

देखें वीडियो...

पत्नी को गाली देने पर बढ़ा विवाद

वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि युवक की पत्नी बीच में हस्तक्षेप करते हुए कहती है कि अब बहुत हो गया. इसके बाद महिला युवक की पत्नी का हाथ पकड़ लेती है और उसे गाली दे देती है.

Advertisement

पत्नी को गाली दिए जाने के बाद युवक का धैर्य टूट जाता है और वह उठकर महिला को लगातार थप्पड़ मार देता है. इसके बाद युवक की पत्नी दोनों के बीच आकर उन्हें अलग करती है और महिला को जवाब देती नजर आती है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे लेकर बहस शुरू हो गई है. कुछ लोग महिला के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग युवक द्वारा महिला को थप्पड़ मारने को गलत बता रहे हैं.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना किस ट्रेन में हुई. वायरल वीडियो के संबंध में पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ को लिंक भेजकर जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बावजूद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement