मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की विधायकी खत्म कराए जाने की पहल को लेकर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि पार्टी अनुशासन से चलती है. अगर पार्टी में अनुशासन नहीं होगा, तो जैसे देश में राहुल गांधी अराजकता फैला रहे हैं, वैसे ही पार्टी के अंदर हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में जो भी फैसला होता है, वह सबकी सहमति से होता है. उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम मुहर उस फैसले पर नीतीश कुमार लगाते हैं.
संजय कुमार झा ने कहा, 'पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के नेतृत्व की जीत है.नीरज कुमार तीसरी दफा चुनाव जीते हैं.'
बता दें, जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने दोनों की प्राथमिक सदस्यता खत्म करने की घोषणा की. जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी की.
जेडीयू के अनुसार, बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और नीलम देवी ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया.
मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधायकी खत्म किए जाने के मामले पर स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि उमेश कुशवाहा की तरफ से लेटर मिला है. अनंत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ जाकर चुनाव में काम किया.
स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि हम इस पूरे मामले की समीक्षा करेंगे. समीक्षा के बाद प्रक्रिया के तहत जो भी सही होगा, वह फैसला लिया जाएगा.
वहीं, संजय झा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है. 1 नवंबर की रैली को लेकर संजय झा ने कहा, 'ये लोग दिल्ली चलो की बात कर रहे हैं और जनता इन्हें पटना छोड़ने और कर्नाटक छोड़ने का मैसेज दे रही है.'
उन्होंने कहा कि बैलट से चुनाव हुए, लेकिन कांग्रेस का क्या हाल हुआ, ये लोग देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं. कांग्रेस बांग्लादेश से प्रेरणा लेने वाले लोगों के साथ मिलकर देश का माहौल खराब करना चाहती है.
उन्होंने कहा, 'बैलेट पर चुनाव हुआ और जनता ने रिजेक्ट कर दिया. अब किस पर सवाल खड़ा करेंगे, चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा करेंगे या फिर ज्ञानेश कुमार पर.'