scorecardresearch
 

बिहार: सहरसा सदर अस्पताल में बड़ी लापरवाही, मानव विसरा को कुत्तों ने नोचकर खाया

बिहार के सहरसा सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखे मानव विसरा को कुत्तों द्वारा नोचकर खाने का वीडियो वायरल हुआ है. यह विसरा पुलिस जांच के लिए सुरक्षित रखा गया था. घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं. अधिकारियों ने इसे लापरवाही बताया है और जिम्मेदारी तय करने की बात कही है.

Advertisement
X
पोस्टमार्टम रूम में कुत्तों ने नोचा मानव विसरा. (Photo: Screengrab)
पोस्टमार्टम रूम में कुत्तों ने नोचा मानव विसरा. (Photo: Screengrab)

बिहार के सहरसा जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखे मानव विसरा को कुत्तों द्वारा नोचकर खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. यह मामला सहरसा के उस सदर अस्पताल का बताया जा रहा है जिसे कोसी क्षेत्र का पीएमसीएच भी कहा जाता है. जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रूम के अंदर दो कुत्ते घुस आए और वहां रखे गए मानव विसरा को नोचकर खाने लगे. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और अब वीडियो वायरल हो रहा है.

मानव विसरा वह महत्वपूर्ण सैंपल होता है जो संदिग्ध मौत के मामलों में पोस्टमार्टम के दौरान शरीर के अंगों से लिया जाता है. इसे जांच के लिए सुरक्षित रखकर सील किया जाता है और फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाता है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके. ऐसे में इस तरह की लापरवाही को गंभीर माना जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर कई सवाल उठने लगे हैं. पोस्टमार्टम रूम में इस तरह कुत्तों का पहुंचना और संवेदनशील नमूनों को नुकसान पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है.

अस्पताल प्रशासन में मचा हड़कंप, जांच के आदेश

इस पूरे मामले पर सहरसा के सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हाल ही में मिलने वाले विसरा को थाना को सुपुर्द किया जाता है, लेकिन जो पुराना विसरा था उसे कमरे में रखा गया था. उन्होंने कहा कि यह कई साल पुराना मामला है और इसकी जांच की जाएगी कि इसे थाना को क्यों नहीं सौंपा गया. सिविल सर्जन ने यह भी कहा कि संबंधित देखभाल करने वाले कर्मचारी को बदला जा रहा है और मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि जो विसरा अभी जमा होता है उसे तुरंत थाना को हैंडओवर कर दिया जाता है.

Advertisement

जब उनसे पूछा गया कि इस घटना से पुलिस की जांच पर असर पड़ेगा या नहीं, तो उन्होंने कहा कि यह पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह विसरा को लेकर जांच करे. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई है और इसकी जांच की जाएगी. सिविल सर्जन ने यह भी कहा कि विसरा रूम में कुत्ता चॉकलेट के डिब्बे तक खा रहा था, जिससे व्यवस्था की स्थिति साफ समझी जा सकती है.

सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो गया है कि पोस्टमार्टम रूम जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी. कैसे कुत्ते वहां तक पहुंच गए और क्यों महत्वपूर्ण फॉरेंसिक सैंपल सुरक्षित नहीं रखे गए. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. लेकिन इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और संवेदनशील नमूनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement