scorecardresearch
 

लालू परिवार को खाली करना होगा '10 सर्कुलर रोड' बंगला: राबड़ी देवी को सरकार का नोटिस; अब इस BJP मंत्री का होगा नया आशियाना

पटना के सबसे चर्चित सियासी ठिकानों में से एक '10 सर्कुलर रोड' बंगले को खाली करने का आधिकारिक फरमान जारी हो गया है. बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को यह हाई-प्रोफाइल सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भेज दिया है.

Advertisement
X
पटना के '10 सर्कुलर रोड' पर अब बदलेगी नेमप्लेट. (Photo: ITG)
पटना के '10 सर्कुलर रोड' पर अब बदलेगी नेमप्लेट. (Photo: ITG)

बिहार की राजधानी पटना का '10 सर्कुलर रोड' स्थित बंगला, जो पिछले कई वर्षों से लालू-राबड़ी परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा है, अब उनके हाथ से निकलने जा रहा है. सम्राट चौधरी सरकार के भवन निर्माण विभाग ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को इस आवास को हर हाल में खाली करने का कड़ा निर्देश दिया है.

सरकार के इस आदेश के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर वार-पलटवार का दौर शुरू होना तय माना जा रहा है.

बीजेपी कोटे के मंत्री को आवंटित हुआ बंगला
विभागीय आदेश के मुताबिक, सरकार ने '10 सर्कुलर रोड' स्थित इस आलीशान सरकारी बंगले को अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) कोटे से कैबिनेट मंत्री बने नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है. मंत्री नंदकिशोर राम को जल्द ही इस नए आवास में शिफ्ट होना है, जिसके चलते विभाग अब इस बंगले को खाली कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गया है.

साल 2025 में ही अलॉट हुआ था नया ठिकाना: मंत्री लेशी सिंह
राबड़ी देवी के आवास खाली करने के नोटिस पर बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है.

मंत्री लेशी सिंह ने नियमों का हवाला देते हुए स्थिति साफ की. उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को साल 2025 के आखिर में ही 39, हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास संख्या आवंटित कर दिया गया था.

Advertisement

लापरवाही का आरोप

नया बंगला आवंटित होने के बावजूद लालू परिवार और राबड़ी देवी ने लंबे समय से अपने पुराने '10 सर्कुलर रोड' वाले आवास को खाली नहीं किया.

अब कोई ढील नहीं

मंत्री लेशी सिंह ने कड़े लहजे में कहा कि अब विभाग ने यह बंगला मंत्री नंदकिशोर राम को दे दिया है, इसलिए हर हाल में राबड़ी देवी जी को यह आवास अब खाली करना ही होगा. विभाग ने उनके लिए 39, हार्डिंग रोड वाले नए आवास को पूरी तरह से सुसज्जित और तैयार कर दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement