scorecardresearch
 

नीतीश के फैसले पर JDU में बवाल, कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का किया घेराव

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद जेडीयू में हलचल बढ़ गई है. पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का घेराव किया. वहीं नीतीश कुमार के पैतृक गांव कल्याण बिगहा में भी लोगों ने नाराजगी जताई और कहा कि जनता ने वोट उनके चेहरे पर दिया था.

Advertisement
X
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का JDU कार्यकर्ताओं ने घेराव किया (Photo: Screengrab)
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का JDU कार्यकर्ताओं ने घेराव किया (Photo: Screengrab)

बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने के फैसले के बाद पार्टी के अंदर हलचल बढ़ गई है. पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का घेराव भी किया.

उमेश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को दिया आश्वासन

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि अभी नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझा जाएगा और उनकी बात नीतीश कुमार तक पहुंचाई जाएगी.

नीतीश कुमार ने खुद दी राज्यसभा जाने की जानकारी

जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि दो दशकों से अधिक समय तक जनता ने उन पर भरोसा किया और उसी भरोसे की ताकत से उन्होंने बिहार की सेवा की. उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा.

पैतृक गांव कल्याण बिगहा में भी नाराजगी

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर के बाद उनके पैतृक गांव कल्याण बिगहा में भी नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनता ने एनडीए को वोट भाजपा के नाम पर नहीं बल्कि नीतीश कुमार के चेहरे पर दिया था. ग्रामीणों ने कहा कि बिहार के लिए उनसे बेहतर नेता कोई नहीं हो सकता.

Advertisement

निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री की चर्चा

इस बीच जेडीयू नेताओं ने दो दिन पहले संकेत दिया था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में आ सकते हैं. चर्चा है कि नई सरकार में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Advertisement
Advertisement