scorecardresearch
 

19 साल की बेटी को मारा, नदी किनारे जला दिया शव... लव मैरिज से नाराज फैमिली का खौफनाक कांड

दहला देने वाली ये कहानी बिहार के मुजफ्फरपुर की है. जनवरी 2026 में 19 साल की सुजाता ने लव मैरिज की थी. उसने कोर्ट में कहा था- मैं बालिग हूं, अपनी मर्जी से शादी की है. लेकिन कुछ महीनों बाद वह अचानक गायब हो गई. अब पुलिस का कहना है कि उसकी फैमिली ने लव मैरिज का विरोध किया था, फैमिली ने ही उसकी हत्या कर शव जला दिया.

Advertisement
X
भाई ने कहा- वो दोबारा पति के पास चली जाती, इसलिए मारा. (File Photo: ITG)
भाई ने कहा- वो दोबारा पति के पास चली जाती, इसलिए मारा. (File Photo: ITG)

बिहार के मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि लव मैरिज से नाराज परिजनों ने एक लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी. पहचान मिटाने के लिए शव को बूढ़ी गंडक नदी किनारे जला दिया. मामले में पुलिस ने लड़की के भाई को गिरफ्तार कर लिया है. उसने पूछताछ में हत्या में परिवार के अन्य लोगों की संलिप्तता की भी बात कही है.

मामला सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र का है. मृतका की पहचान 19 साल की सुजाता कुमारी के रूप में हुई है. सुजाता ने इसी साल जनवरी में अपने प्रेमी गौरीशंकर के साथ घर से भागकर शादी की थी. दोनों अलग-अलग जाति से थे, इस वजह से लड़की के परिवार वाले रिश्ते का विरोध कर रहे थे.

घंसौत गांव के गौरीशंकर कुमार और कोदरिया गोसाईपुर की सुजाता के बीच साल 2020 से प्रेम संबंध था. सुजाता का ननिहाल गौरीशंकर के गांव में था. दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे. छह साल तक चले प्रेम संबंध के बाद 18 जनवरी 2026 को दोनों घर से भाग गए और समस्तीपुर में शादी कर ली. इसके बाद दोनों हरियाणा चले गए और पति-पत्नी की तरह रहने लगे. इधर, लड़की के परिजनों ने सिवाईपट्टी थाने में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था.

muzaffarpur honour killing family accused of killing daughter over love marriage

पुलिस ने हरियाणा में छापेमारी की और 11 फरवरी को दोनों को बरामद कर लिया. कोर्ट में पेशी के दौरान सुजाता ने कहा था कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गौरीशंकर से शादी की है, उसी के साथ रहना चाहती है. इस दौरान गौरीशंकर को जेल हो गई. वहीं सुजाता अपने रिश्तेदार के यहां रहने लगी. बाद में होली के दौरान उसकी मां उसे अपने घर ले गई.

Advertisement

गौरीशंकर का आरोप है कि 31 मार्च को सुजाता से आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. शक होने पर उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पत्नी की हत्या की आशंका जताई और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी. 

यह भी पढ़ें: संभल में ऑनर किलिंग: दूसरे समुदाय के युवक से प्यार की भाई ने दी खौफनाक सजा, गला दबाकर की बहन की हत्या, फिर खुद किया पुलिस को फोन

इसके बाद उसने वॉट्सएप के जरिए पुलिस को एप्लिकेशन भेजी, जिसमें पत्नी की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया गया. एसएसपी कांतेश मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी पूर्वी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई. जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया.

पूछताछ में अभिषेक ने स्वीकार किया कि सुजाता ने अपनी मर्जी से दूसरी जाति के गौरीशंकर से शादी की थी. परिवार को आशंका थी कि वह दोबारा पति के पास चली जाएगी. इसी वजह से 8 मई को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बूढ़ी गंडक नदी किनारे ले जाकर जला दिया गया. पुलिस की निशानदेही पर एफएसएल टीम ने उस जगह से सैंपल लिया है, जहां शव जलाने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि हत्या में पांच से अधिक लोगों की भूमिका सामने आई है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

Advertisement

डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ये मामला सामने आया, जिसकी जांच कराई गई. इस संबंध में गौरीशंकर कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया गया. इसमें पीड़ित ने उसकी पत्नी सुजाता कुमारी की हत्या उसके मायके पक्ष द्वारा करने और लाश को छिपाने का आरोप लगाया. पुलिस ने नामजद आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement