scorecardresearch
 

Thar सवार युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग... ग्रामीणों की सूझबूझ और पुलिस की घेराबंदी से 4 गिरफ्तार

दरभंगा में देर रात थार सवार युवकों ने कथित तौर पर शराब पार्टी के दौरान ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से इलाके की घेराबंदी कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया. घटनास्थल से शराब की बोतलें, चार खोखे और अन्य सामान बरामद हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
फरार आरोपियों की तलाश जारी.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)
फरार आरोपियों की तलाश जारी.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)

बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब थार गाड़ी से पहुंचे कुछ युवकों ने कथित तौर पर ग्रामीणों पर फायरिंग शुरू कर दी. घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के नौडेगा गांव के पास की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से इलाके की घेराबंदी कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, फायरिंग करने का आरोपित युवक अपने कुछ साथियों के साथ मौके से फरार हो गया.

जानकारी के अनुसार, देर रात नौडेगा गांव के पास सुनसान जगह पर थार सवार कुछ युवक कथित तौर पर शराब पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर उन पर पड़ी. ग्रामीणों ने जब उनसे वहां मौजूद होने का कारण पूछा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

यह भी पढ़ें: दरभंगा में सरकारी जमीन घोटाले पर DM का बड़ा एक्शन, 3 राजस्व कर्मचारी सस्पेंड, 8 पर विभागीय कार्रवाई

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्टल निकाल ली और ग्रामीणों की ओर कई राउंड फायरिंग कर दी. अचानक गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए ग्रामीण इधर-उधर भागे, जबकि गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए.

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंच गई. ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. एक ओर ग्रामीण थे, दूसरी तरफ पुलिस और आसपास कीचड़ होने के कारण आरोपियों के भागने का रास्ता सीमित हो गया.

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने थार सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि जिस युवक पर फायरिंग करने का आरोप है, वह अपने कुछ साथियों के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को चार खाली खोखे, शराब की बोतलें, ग्लास, सिगरेट और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ. सभी सामान जब्त कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.

पूछताछ में शराब पीकर फायरिंग की बात, बड़ी साजिश की भी जांच

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलहा निवासी अरविंद कुमार, रोसड़ा निवासी अशोक कुमार यादव तथा वारिसनगर के भादोघाट निवासी प्रिंस कुमार और दिलखुश कुमार चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में अरविंद कुमार ने बताया कि सभी लोग थार गाड़ी से वहां पहुंचे थे और शराब पीने के बाद फायरिंग की थी.

पुलिस को आशंका है कि सभी युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से वहां जुटे थे. हालांकि इसका अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Advertisement

दरभंगा

बेनीपुर के एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नौडेगा के पास कुछ संदिग्ध लोग गाड़ी खड़ी कर बैठे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की आशंका है. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची. इसी दौरान ग्रामीणों ने शोर मचाया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस और ग्रामीणों की घेराबंदी के बीच चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.

फरार आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस खंगाल रही हर पहलू

एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल से चार खोखे, दो शराब की बोतलें और कई ग्लास बरामद हुए हैं, जिनमें शराब के अवशेष मिले हैं. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मौके से पिस्टल लेकर भागने वाले आरोपी कौन थे और उनका आपराधिक रिकॉर्ड क्या है.

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. यह जांच की जा रही है कि वे अलग-अलग जिलों से एक जगह क्यों जुटे थे और उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था. यदि किसी बड़ी आपराधिक साजिश के सबूत मिलते हैं तो उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement