scorecardresearch
 

Bihar: एक घंटे का गांव दौरा, भतीजी की शादी में शामिल होकर लौटे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए तारापुर पहुंचे. हेलीकॉप्टर से पहुंचने के बाद उन्होंने पैतृक गांव लखनपुर में आयोजित विवाह समारोह में हिस्सा लिया और भतीजी को आशीर्वाद दिया. करीब एक घंटे गांव में रहने के बाद मुख्यमंत्री वापस तारापुर हेलीपैड पहुंचे और पटना के लिए रवाना हो गए.

Advertisement
X
लखनपुर में पारिवारिक समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री. (Photo: Screengrab)
लखनपुर में पारिवारिक समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री. (Photo: Screengrab)

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को अपने गृह क्षेत्र तारापुर पहुंचे. उनका यह दौरा पारिवारिक कार्यक्रम से जुड़ा था. मुख्यमंत्री अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने और उसे आशीर्वाद देने के लिए पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम करीब साढ़े चार बजे हेलीकॉप्टर से तारापुर पहुंचे. उनका हेलीकॉप्टर कृषि विभाग परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा. आगमन के बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया.

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज, एसपी सैयद इमरान मसूद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया. स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे अपने पैतृक गांव लखनपुर के लिए रवाना हो गए. यहां उन्होंने परिवार में आयोजित विवाह समारोह में भाग लिया. मुख्यमंत्री ने परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपनी भतीजी को आशीर्वाद दिया और परिवार के साथ समय बिताया.

लखनपुर में विवाह समारोह में शामिल हुए सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक गांव में रहे. उनके आगमन को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. हालांकि पूरा कार्यक्रम तय समय के अनुसार संपन्न हुआ. भतीजी को आशीर्वाद देने और विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पुनः तारापुर स्थित हेलीपैड पहुंचे. वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए पटना के लिए रवाना हो गए.

Advertisement

करीब एक घंटे गांव में रुकने के बाद पटना रवाना हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. हेलीपैड से लेकर लखनपुर गांव तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई थी. विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था. अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर बनाए रखी. मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement