scorecardresearch
 

शादी के तीन घंटे बाद हो गया खेल... राजस्थान से बिहार पहुंचा था दूल्हा, दुल्हन हो गई गायब

राजस्थान का एक युवक शादी करने बिहार के गया जिले में पहुंचा था. यह शादी किसी महिला ने तय कराई थी, जिसके लिए दूल्हा पक्ष ने दुल्हन पक्ष को एक लाख से ज्यादा कैश और जेवरात भी दिए थे. यहां गांव में शादी हुई, इसके 3 घंटे बाद जेवरात और कैश लेकर दुल्हन परिजनों संग फरार हो गई. पीड़ित दूल्हा और उसके परिजन परेशान हैं. पुलिस केस की तफ्तीश कर रही है.

Advertisement
X
कैश और जेवरात भी साथ ले गई दुल्हन. (Photo: Screengrab)
कैश और जेवरात भी साथ ले गई दुल्हन. (Photo: Screengrab)

ये कहानी गया के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है. यहां शादी के 3 घंटे बाद ही जेवरात और कैश लेकर दुल्हन परिजनों के साथ गायब हो गई. जब दूल्हे को पता चला तो वह बेबस और परेशान नजर आया. दूल्हा गणेश साव ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर दुल्हन और उसके परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी और ठगी की शिकायत दर्ज कराई है.

राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले गणेश साव को एक मध्यस्थ ने शादी के लिए लड़की का फोटो दिखाया था. लड़की पसंद आ गई तो बात आगे बढ़ी. लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के परिजनों से कैश और दुल्हन के लिए सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, कपड़े सहित अन्य चीजों की डिमांड कर दी और शादी की बात फाइनल कर दी.

लड़का पक्ष ने सारा सामान तैयार किया और शादी के लिए बिहार के गया जिले पहुंच गए. लड़की पक्ष ने लड़के के परिजनों को बेलागंज के दरियापुर गांव में बुलाया था. लड़का पक्ष गांव पहुंचा तो लड़की पक्ष ने शादी के लिए तय राशि की डिमांड की. इसके बाद दूल्हा गणेश साव ने दुल्हन पक्ष को शादी के तय किए गए एक लाख दस हजार रुपये दिए.

यह भी पढ़ें: काजल नहीं वो 'नूरजहां' थी! बदायूं में बनते थे फर्जी आधार, संभल में सजती थी डोली, फिर गहने लेकर भाग जाती थीं बंगाल की 'लुटेरी दुल्हनें'

Advertisement

सोमवार की देर रात हिंदू रीति रिवाज के अनुसार, शादी की सभी रस्में पूरी की गईं. इसके बाद दुल्हन पक्ष ने दुल्हन की विदाई का समय मंगलवार को तय कर दिया. वहीं दूल्हे के परिजनों को गांव में ही एक जगह रात में ठहरा दिया. अगले दिन सुबह दूल्हा परिजनों के साथ विदाई के लिए दुल्हन के घर पहुंचा तो देखा कि वहां ताला लगा हुआ है, और दुल्हन और परिजन गायब हैं.

दूल्हा पक्ष के लोगों ने गांव और आसपास दुल्हन और उसके परिजनों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला. जब दूल्हे को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी और ठगी की गई है तो उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. इसी के साथ बेलागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई.

Bride Flees With Jewellery and Cash Just 3 Hours After Wedding in Gaya Groom Alleges Fraud lcla

वहीं दूल्हे के बड़े भाई ने बताया कि हम राजस्थान से यहां आए. भाई की शादी कोडरमा की रहने वाली पारो नाम की महिला ने तय कराई थी. गया के बेलागंज आ गए तो वह महिला हम लोगों को बेलागंज से 15 किलोमीटर दूर दरियापुर गांव ले गई. वहां हम 11 बजे रात को पहुंच गए. इसके बाद उस महिला ने कहा कि जल्दी से शादी कर लो, नहीं तो गांव वाले जाग जाएंगे तो दिक्कत हो जाएगी. इस पर हमने कहा कि शादी ऐसे थोड़े ही न होती है. इसमें फेरे होते हैं, रस्में होती हैं.

Advertisement

एक घंटे बाद भाई की शादी उस लड़की से करवा दी गई और कहा गया कि गाड़ी में ही आप लोग रेस्ट कर लीजिए. इतनी रात को लड़की को लेकर कहां जाएंगे. लड़की इतने भारी कपड़े पहनकर कैसे जाएगी. चेंज करवा देते हैं. यह कहकर वे लड़की को लेकर घर के अंदर चले गए. हमने लड़की को सोना चांदी दिया था, शगुन के रूप में एक लाख 11 हजार रुपये दिए थे.

गाड़ी में बैठे-बैठे जब कुछ घंटे हो गए तो हमने अपनी पत्नी को उस घर में देखने के लिए भेजा तो वहां तो कोई नहीं था. न दुल्हन थी और न ही उसके परिवार के लोग थे. वे सब गायब हो गए थे. जिस लड़की से शादी हुई थी, उसका नाम लक्ष्मी था. कोडरमा की जो महिला शादी करवा रही थी, उसका नाम पारो था. इस पूरे मामले को लेकर हम लोगों ने थाने में आवेदन दिया है. हम लोगों के साथ शादी के नाम पर बहुत बड़ी ठगी हुई है.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: पंकज कुमार)
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement