एक तरफ BPSC टीचर गुंजन तो दूसरी तरफ उनके पति अमन... दोनों के बीच का पारिवारिक विवाद अब सोशल मीडिया और सार्वजनिक आरोपों तक पहुंच चुका है. गुंजन ने कहा कि उनकी पढ़ाई के लिए जमीन नहीं बेची गई थी, बल्कि अमन ने अपने इलाज के लिए जमीन बेची थी. परिवार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए गए. अब अमन सामने आए हैं और कह रहे हैं- आरोप लगाने से बात साबित नहीं होती, सबूत भी होना चाहिए.
बिहार की BPSC टीचर गुंजन और उनके पति अमन के बीच चल रहा विवाद नए मोड़ ले रहा है. पहले गुंजन ने अपनी बात रखी. फिर उनके बेटे का बयान चर्चा में आया. अब अमन ने पत्नी के आरोपों का जवाब दिया है. दरअसल, इस मामले में अमन का कहना है कि उन्होंने जमीन बेचकर पत्नी को पढ़ाया और जब नौकरी लग गई तो पत्नी ने छोड़ दिया.
यहां देखें Video
वहीं इस मामले में गुंजन ने कहा कि अमन ने जो जमीन बेची थी, उसका उनकी पढ़ाई से कोई लेना-देना नहीं था. उनका कहना है कि जमीन अमन ने अपने इलाज के लिए बेची थी. अब इसी बात को लेकर अमन ने कहा है कि अगर ऐसा है तो इसका सबूत भी सामने आना चाहिए. अमन का दावा है कि शादी के समय गुंजन इंटर पास थीं. इसके बाद ग्रेजुएशन, बीएड, कोचिंग, आने-जाने का खर्च और पढ़ाई से जुड़े दूसरे खर्च परिवार ने उठाए.
अमन कहते हैं कि बीएड में फीस लगती है, रहने का खर्च लगता है, आने-जाने का खर्च लगता है. ये सब कैसे हुआ, इसका हिसाब भी देखना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जमीन करीब चार लाख रुपये में बेची गई थी और उसकी कीमत को लेकर जो बड़े-बड़े आंकड़े बताए जा रहे हैं, वे सही नहीं हैं.
यह भी पढ़ें: BPSC टीचर गुंजन Vs पति अमन: प्यार, पढ़ाई, नौकरी, तलाक और वायरल वीडियो के पीछे की पूरी कहानी
गुंजन ने अमन के परिवार पर शराब और गांजा तस्करी से जुड़े होने का आरोप लगाया था. अमन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर हमारा परिवार ऐसे किसी काम में शामिल था तो कहीं न कहीं कोई एफआईआर, कोई रिकॉर्ड, कोई केस होना चाहिए. इस पूरे विवाद में 10 साल के बेटे के बयान की भी चर्चा हो रही है.
बेटे ने अपनी मां को लेकर कुछ आरोप लगाए थे. इसके जवाब में गुंजन ने कहा था कि बच्चा अपने पिता की सिखाई हुई बातें बोल रहा है. अब इस पर अमन का कहना है कि बच्चे को किसी ने कुछ नहीं सिखाया. वहीं गुंजन का कहना है कि अगर बच्चा कुछ दिन उनके पास रहे तो वह अलग तरह से बातें करेगा.

गुंजन का कहना था कि दोनों के बीच लंबे समय से रिश्ते सामान्य नहीं थे. अमन इस दावे पर सवाल उठाते हैं. उनका कहना है कि अगर रिश्ता खत्म हो चुका था, तो फिर किराए के मकान का खर्च, घरेलू सामान और दूसरी जरूरतों का खर्च कौन उठा रहा था? अमन का दावा है कि वह लगातार आर्थिक जिम्मेदारियां निभाते रहे.
यह भी पढ़ें: बिहार में 'ज्योति मौर्य' जैसा कांड! जमीन बेचकर पत्नी को बनाया टीचर, नौकरी लगते ही पति को छोड़ा
गुंजन की ओर से अमन पर एक दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप भी लगाया गया. अमन ने इसे भी खारिज किया. उनका कहना है कि जिस महिला का नाम लिया जा रहा है, वह पहले गुंजन की करीबी मित्र थीं. अमन का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसी महिला को आरोपों के केंद्र में लाया जा रहा है. फिलहाल दोनों अपनी-अपनी बात रख रहे हैं. एक तरफ गुंजन हैं, जो अपने आरोपों पर कायम हैं. दूसरी तरफ अमन हैं, जो हर आरोप पर सबूत मांग रहे हैं.
क्या है पूरा विवाद?
यह मामला बिहार के वैशाली जिले का है. मामला पति, पत्नी और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर है. यह विवाद BPSC टीचर गुंजन कुमारी और उनके पति अमन कुमार के बीच है.
अमन का कहना है कि उनकी शादी साल 2013 में हुई थी. शादी के समय गुंजन इंटरमीडिएट पास थीं और आगे पढ़कर शिक्षिका बनना चाहती थीं. अमन का दावा है कि उन्होंने पत्नी की पढ़ाई, कोचिंग और दूसरे शैक्षणिक खर्चों में आर्थिक सहयोग किया. उनका यह भी कहना है कि इस दौरान उन्होंने अपनी कुछ पैतृक जमीन भी बेची.
मामले ने तब तूल पकड़ा जब BPSC TRE-02 परीक्षा में चयन के बाद गुंजन शिक्षिका बनीं. ट्रेनिंग के लिए उन्हें सुपौल भेजा गया और बाद में वैशाली के स्कूल में उनकी पोस्टिंग हुई.
अमन का आरोप है कि ट्रेनिंग के दौरान गुंजन की नजदीकियां उनके पुराने कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश से बढ़ीं और इसी के बाद दोनों के वैवाहिक रिश्तों में दरार आ गई. अमन का दावा है कि नौकरी मिलने के बाद गुंजन ने उन्हें और उनके 10 वर्षीय बेटे से दूरी बना ली.
वहीं, गुंजन इन आरोपों को खारिज करती हैं. उनका कहना है कि अमन जो दावे कर रहे हैं, वे सही नहीं हैं. गुंजन का आरोप है कि जिस जमीन की बात की जा रही है, वह उनकी पढ़ाई के लिए नहीं बेची गई थी. उन्होंने अमन और उनके परिवार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं.