बिहार के रोहतास जिले से एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने युवती का अधजला शव करगहर थाना क्षेत्र स्थित धर्मावती नदी के किनारे से बरामद किया है. मामले में पुलिस ने मृतका के पिता सुरेंद्र पासवान और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बीती रात करगहर थाना क्षेत्र के खनेठी गांव में सुरेंद्र पासवान का पूरा परिवार एक बारात में गया हुआ था, जबकि उनकी बेटी घर पर अकेली थी. देर रात जब युवती का भाई घर लौटा तो उसने बहन को एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. यह बात देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए.
यह भी पढ़ें: रोहतास में जमीन विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, सड़क पर घसीटने का वीडियो वायरल
बताया जाता है कि मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई कर दी. इसी दौरान लोकलाज और प्रेमी की पिटाई से आहत युवती घर के एक कमरे में चली गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घर में मौजूद लोगों को जब यह जानकारी मिली तो सभी उसे बचाने के लिए कमरे की ओर दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.
प्रेमी फरार, थाने पहुंचकर दी शिकायत
इस बीच मौके का फायदा उठाकर युवती का कथित प्रेमी वहां से फरार हो गया. बताया जाता है कि वह सीधे परसथुआ थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई कि युवती की मौत उसके परिजनों के कारण हुई है. इस घटना के बाद गांव में देर रात तक अफरा-तफरी और ऊहापोह का माहौल बना रहा.
सुबह होते ही मामले ने नया मोड़ ले लिया. गांव के लोगों को सूचना मिली कि युवती का शव धर्मावती नदी के किनारे अधजली हालत में पड़ा है. यह जानकारी मिलते ही इलाके में फिर से हड़कंप मच गया. इस दौरान प्रेमी ने पुलिस को सूचना दी कि एक लड़की की हत्या कर शव को जलाया जा रहा है.
सूचना मिलते ही करगहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नदी किनारे से अधजला शव बरामद कर लिया. पुलिस ने सूचना देने वाले युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. इसके साथ ही मृतका के पिता को भी हिरासत में लिया गया है.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
इस संबंध में एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.