scorecardresearch
 

'नीतीश के लिए 9 मर्डर कराए', विवाद के बाद बयान से पलटे अनंत सिंह, अब बोले- हमारे लोग हुए कुर्बान

अनंत सिंह के बयान ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. पहले उन्होंने नीतीश कुमार के लिए नौ लोगों की हत्या करवाने का दावा किया था, लेकिन अब अपने बयान पर सफाई देते नजर आ रहे हैं.

Advertisement
X
अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा. (Photo: ITG)
अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा. (Photo: ITG)

बिहार में एक बयान ने सियासी चर्चा तेज कर दी है. मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह ने दावा किया है कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए नौ लोगों की हत्या करवाई थी. अनंत सिंह ने यह बात पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कही. उनका बयान ऐसे समय आया है, जब पटना स्नातक सीट पर होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर JDU के भीतर ही खींचतान चल रही है. हालांकि, बाद में उन्होंने एक वीडियो जारी कर सफाई दी. अब अनंत सिंह अपने पहले बयान से पलटते नजर आ रहे हैं. नए बयान में उन्होंने दावा किया कि लालू यादव की सरकार के दौरान उनके नौ साथियों की हत्या हुई थी और उन्हें खुद भी गोली मारी गई थी.

दरअसल, अनंत सिंह ने अपने पहले बयान में पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा था कि उस समय नीतीश कुमार की कोई खास पहचान नहीं थी. वह इधर-उधर घूमते रहते थे. अनंत सिंह के मुताबिक, उस दौर में नीतीश कुमार के साथ रहते हुए उन्होंने 'नौ लोगों की हत्या करवाई थी'. उनके इस बयान के सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में चर्चा शुरू हो गई. 

अब नए बयान में क्या कहा?

बाद में अनंत सिंह ने एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दी. नए बयान में उन्होंने कहा कि उन्होंने JDU नेता नीरज कुमार को जवाब देते हुए अपने पुराने दिनों में किए गए त्याग और नुकसान का जिक्र किया था. अनंत सिंह ने दावा किया कि लालू यादव की सरकार के दौरान उनके नौ साथियों की हत्या कर दी गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि उस समय उन्हें खुद गोली मारी गई थी. इसकी वजह नीतीश कुमार के साथ उनका खड़ा होना था.

Advertisement

इस तरह अनंत सिंह के दोनों बयानों में अंतर नजर आ रहा है. पहले बयान में उन्होंने नीतीश कुमार के साथ रहते हुए नौ लोगों की हत्या करवाने की बात कही थी. वहीं, नए बयान में उन्होंने दावा किया कि लालू यादव की सरकार के दौरान उनके नौ साथियों की हत्या हुई थी. 

पटना स्नातक सीट पर JDU में खींचतान

अनंत सिंह के बयान ऐसे समय सामने आए हैं, जब पटना स्नातक सीट पर होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर JDU के भीतर मतभेद की स्थिति है. पार्टी ने इस सीट से नीरज कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है.

अनंत सिंह इस फैसले से सहमत नहीं हैं. वह जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर JDU के भीतर खींचतान की चर्चा है. अनंत सिंह के पहले बयान और उसके बाद आई सफाई ने इस पूरे विवाद को नया मोड़ दे दिया है. अब देखना होगा कि उनके बयान पर JDU की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement