scorecardresearch
 

Tesla Roadster : हवा में छलांग, आसमान में गुलाटी और चारों पहियों पर लैंडिंग, आ गई Elon Musk की फ्लाइंग कार

Tesla ने अपनी इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार Roadster के जरिए रफ्तार और टेक्नोलॉजी की एक ऐसी तस्वीर दुनिया के सामने पेश की है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. हर किसी के जेहन में एक ही सवाल है कि, क्या एलन मस्क हवा में उड़ने वाली कार पेश कर दी है.

Advertisement
X
Tesla Roadster की ऑफिशियल बुकिंग शुरू की जा चुकी है. Photo: ITG
Tesla Roadster की ऑफिशियल बुकिंग शुरू की जा चुकी है. Photo: ITG

Tesla Roadster Launch: टेक्सास में एक कार ने ऐसा कारनामा दिखाया कि देखने वालों की नजरें उसी पर टिक गईं. पहले हवा में छलांग लगाई, फिर आसमान में गुलाटी मारी और आखिर में चारों पहियों पर वापस जमीन पर ऐसे उतरी जैसे किसी रॉकेट की लैंडिंग हो रही हो. इतना ही नहीं एक सेमी-ट्रक के ऊपर से छलांग लगाने का नजारा भी दिखाया गया. ये किसी हॉलीवुड फिल्म का सीन नहीं, बल्कि एलन मस्क की Tesla Roadster को पेश किया जा रहा था.

Tesla ने अपनी इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार के जरिए रफ्तार और टेक्नोलॉजी की एक ऐसी तस्वीर दुनिया के सामने पेश की है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. हर किसी के जेहन में एक ही सवाल है कि, क्या एलन मस्क हवा में उड़ने वाली कार पेश कर दी है. खैर Tesla Roadster को दावा है कि यह कार महज 0.81 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. लेकिन असली ट्विस्ट इसके Rocket वेरिएंट में है, जिसमें 10 थ्रस्टर और हवा में करतब दिखाने वाला खास सिस्टम देने की बात कही गई है. 

Tesla Roadster
Tesla Roadster को कुल 3 वेरिएंट में पेश किया गया है. Photo: Tesla.com

हालांकि, इवेंट में दिखे इन हैरतअंगेज करतबों को प्रोडक्शन कार के लिए सर्टिफाइड कैपेबिलिटी मानना अभी जल्दबाजी होगी. सवाल यही है कि क्या यह टेक्नोलॉजी सचमुच आम सड़कों तक पहुंचेगी, या फिलहाल Tesla Roadster का यह रॉकेट वाला रूप चुनिंदा ग्राहकों के लिए एक एक्सपेंसिव ड्रीम बनकर रह जाएगा. तो आइये देखें कैसी है Tesla Roadster- 

Advertisement

Tesla Roadster लॉन्च इवेंट में क्या दिखा

टेस्ला ने टेक्सास शहर में आयोजित एक इवेंट के दौरान अपनी नई रोडस्टर को पेश किया है. इस दौरान नई रोडस्टर के कई हैरान करने वाले स्टंट दिखाए. हालांकि, इस कार का सबसे खास और रोमांचक वर्जन हर किसी को नहीं मिलेगा. इसके लिए टेस्ला की खास मंजूरी जरूरी होगी. टेस्ला की सेकंड जेनरेशन को बेहद दमदार परफॉर्मेंस और रॉकेट जैसी तकनीक के साथ पेश किया गया है. 

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने यह भी दावा किया कि नई रोडस्टर महज 0.81 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. अगर प्रोडक्शन मॉडल में यह आंकड़ा सही साबित होता है, तो यह कार की परफॉर्मेंस के लिहाज से बहुत बड़ी बात होगी.

तीन वेरिएंट में आएगी नई इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार

टेस्ला की रिजर्वेशन वेबसाइट के मुताबिक, नई रोडस्टर को तीन वेरिएंट में पेश किया जाएगा. इनमें परफॉर्मेंस, थ्रस्ट और रॉकेट वेरिएंट शामिल हैं. तीनों मॉडल में परफॉर्मेंस से जुड़ी अलग-अलग टेक्नोलॉजी मिलेगी, जबकि सबसे खास फीचर्स टॉप वेरिएंट के लिए रखे गए हैं.

Performance इसका शुरुआती वेरिएंट होगा, जिसमें रॉकेट थ्रस्टर नहीं मिलेंगे. इसके ऊपर Thrust वेरिएंट आएगा, जिसमें पीछे की तरफ लगे एक्सीलरेशन बूस्टर दिए जाएंगे. वहीं, सबसे खास Rocket वेरिएंट में 10 थ्रस्टर और कंपनी के मुताबिक पूरा फ्लाइट सिस्टम मिलेगा. इस तकनीक में कंप्रेस्ड गैस का इस्तेमाल किया जाएगा. कार में लगे कंप्रेसर इस सिस्टम को दोबारा चार्ज करने के लिए डिजाइन किए गए हैं.

Advertisement

इतने में बुक होगी कार

नई रोडस्टर के तीनों वेरिएंट की बुकिंग अमाउंट में बड़ा अंतर है. टेस्ला की वेबसाइट पर Performance वेरिएंट के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर बुकिंग अमाउंट बताई गई है. वहीं, Thrust वेरिएंट के लिए 2,50,000 अमेरिकी डॉलर जमा करने होंगे और ये कार लिमिटेड यूनिट में उपलब्ध होगी. सबसे खास Rocket वेरिएंट को केवल चुनिंदा ग्राहकों के लिए रखा गया है. यानी इसे खरीदने के लिए कंपनी की ओर से न्योता मिलना जरूरी होगा. टेस्ला ने अभी यह नहीं बताया है कि इस वेरिएंट के लिए ग्राहकों का चुनाव किस आधार पर किया जाएगा और इसकी कितनी यूनिट बनाई जाएंगी. Rocket मॉडल को सिंगल-सीटर बताया गया है, यानी इसमें सिर्फ एक व्यक्ति के बैठने की व्यवस्था होगी.

Tesla Roadster
Tesla Roadster के रॉकेट वेरिएंट के लिए कंपनी का इन्विटेशन जरूरी है. Photo: Tesla.com

क्या भारतीय ग्राहक भी कर सकेंगे बुकिंग

टेस्ला की ऑफिशियल वेबसाइट पर इस कार के लिए इंडियन करेंसी में भी बुकिंग लिस्ट की गई है. जिसमें परफॉर्मेंस वेरिएंट के बुकिंग अमाउंट 5,01,000 रुपये और अगले 10 दिनों के भीतर 45,05,000 रुपये देने होंगे. वहीं थ्रस्ट वेरिएंट के लिए बुकिंग अमाउंट 5,01,000 रुपये और अगले 10 दिनों के भीतर ड्यू अमाउंट 2,45,24,000 रुपये तय की गई है.

बिना रॉकेट के भी मिलेगी खास तकनीक

Advertisement

नई रोडस्टर की खासियत सिर्फ इसके थ्रस्टर और हवा में कलाबाजी तक सीमित नहीं है. टेस्ला का दावा है कि तीनों वेरिएंट में पंखे से चलने वाला एक खास सक्शन सिस्टम मिलेगा. यह सिस्टम कार को नीचे की तरफ खींचकर 2G तक का डाउनफोर्स पैदा कर सकता है. आसान शब्दों में कहें तो इससे तेज रफ्तार पर कार की पकड़ और स्टेबिलिटी बेहतर करने में मदद करती है.

कार के परफॉर्मेंस के दौरान इस टेक्नोलॉजी को भी दिखाया गया. टेस्ला ने रोडस्टर को एक रैंप पर उल्टा चलते हुए दिखाया. हालांकि, रियल वर्ल्ड रोड कंडिशन में ये तकनीकी कितनी कारगर होगी अभी इस बारे में कुछ भी कह पाना मुश्किल है.

रोडस्टर में दिए जाने वाले थ्रस्टर जितने रोमांचक हैं, उतने ही बड़े सवाल भी खड़े करते हैं. इनका शोर, काम करने का तरीका, स्पीड और सामान्य ड्राइविंग के दौरान इनका इस्तेमाल कार को सड़क पर चलाने के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकता है. खास तौर पर ऐसी तकनीक को सड़क पर चलने वाली कार में शामिल करने के लिए सेफ्टी और कानूनी नियमों का पालन करना जरूरी होगा.

टेस्ला ने अभी यह साफ नहीं किया है कि थ्रस्टर सिस्टम पब्लिक रोड पर लागू होने वाले नियमों के हिसाब से कैसे काम करेगा. यह भी स्पष्ट नहीं है कि इवेंट में दिखाए गए सभी स्टंट और फीचर्स ग्राहकों को मिलने वाली कार में उपलब्ध होंगे या नहीं. कंपनी ने प्रोडक्शन मॉडल की पूरी तकनीकी जानकारी भी साझा नहीं की है. ऐसे में कार के फाइनज डिजाइन, रियर वर्ल्ड परफॉर्मेंस और रोड लीगल जैसी मंजूरी से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं.

Advertisement
Tesla Roadster
Tesla Roadster में एलन मस्क के SpaceX टक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया जाएगा. Photo: Tesla.com

2028 में आने की उम्मीद

टेस्ला ने सेकंड जेनरेशन रोडस्टर को पहली बार 2017 में पेश किया था. उस समय कंपनी ने 2020 में इसकी डिलीवरी शुरू करने का टार्गेट रखा था. करीब एक दशक के बाद भी कार का इंतजार अभी भी है. अब टेस्ला का कहना है कि नई रोडस्टर 2028 में बाजार में आ सकती है. हालांकि, कंपनी ने ग्राहकों को डिलीवरी देने का पक्का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया है. 2017 में टेस्ला ने इस कार के लिए सिंगल चार्ज में करीब 1,000 किलोमीटर की रेंज का दावा किया गया था. 

टेस्ला की पहली रोडस्टर को 2008 में लॉन्च किया गया था और 2012 में इसका प्रोडक्शन बंद कर दिया गया. यह कंपनी की पहली प्रोडक्शन इलेक्ट्रिक कार थी, जिसे Lotus Elise के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया था. सेकंड जेनरेशन रोडस्टर को कंपनी इससे बिल्कुल अलग बनाना चाहती है. इसमें बेहद तेज रफ्तार के साथ एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी SpaceX से जुड़ी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने की योजना है.

हालांकि, टेस्ला की ओर से पहले भी कई बार इसकी लॉन्चिंग और डिलीवरी में देरी हो चुकी है. इसलिए 2028 की लॉन्च टाइमलाइन पर भी अभी संदेह किया जा रहा है. फिलहाल, इवेंट में दिखाई गई परफॉर्मेंस को कंपनी के दावों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए, क्योंकि प्रोडक्शन कार के रियल वर्ल्ड परफॉर्मेंस की पुष्टी इस कार के बाजार में आने के बाद ही किया जा सकेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement