भारतीय बाजार में KTM की बाइक्स को खरीदना महंगा हो गया है. केटीएम 390 रेंज की कीमतों में कंपनी ने इजाफा कर दिया है. कंपनी ने 390 एडवेंचर एक्स और 390 ड्यूक की कीमतों को 40 हजार रुपये तक बढ़ा दिया है. बाइक की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का कारण पिछले साल हुए जीएसटी बदलाव को माना जा रहा है.
दरअसल, पिछले साल सितंबर में जीएसटी दरों में बदलाव किया गया है. इसमें 350 सीसी तक की बाइक्स पर जीएसटी रेट को 28 परसेंट से घटाकर 18 परसेंट कर दिया गया है. वहीं 350 सीसी के ऊपर की बाइक्स पर अब 40 परसेंट टैक्स लगेगा, जिसमें 28 परसेंट जीएसटी और 12 परसेंट सेस है.
बात करें केटीएम 390 एडवेंचर एक्स की, तो अब इसकी कीमत 3.43 लाख रुपये एक्स शोरूम है. ये बाइक पहले 3.26 लाख रुपये की एक्स शोरूम कीमत पर आती थी. यानी इसका दाम 17 हजार रुपये बढ़ाया गया है. बाइक की कीमतों में ये कोई पहली बढ़ोतरी नहीं है. कंपनी ने इसे 2.91 लाख रुपये में लॉन्च किया था.
यह भी पढ़ें: GST छूट के बाद Bajaj का ऐलान! इतनी सस्ती हुईं Pulsar और KTM जैसी बाइक्स
हालांकि, इसमें कई फीचर्स भी जोड़े गए हैं. जीएसटी दरों में हुए बदलाव की वजह से इसकी कीमत बढ़कर 3.26 लाख रुपये पहुंच गई थी. फिलहाल कंपनी ने इसकी कीमत 3.43 लाख रुपये कर दी है. ज्यादातर शहरों में इसकी ऑनरोड कीमत 4 लाख रुपये पहुंच जाएगी.
कंपनी ने KTM 390 Duke की कीमतों को भी रिवाइज किया है. पहले इस बाइक की कीमत 2.99 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 3.39 लाख रुपये एक्स शोरूम दिल्ली तक पहुंच गई है. यानी इसकी कीमतों में सीधे-सीधे 40 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 250 ड्यूक और 390 ड्यूक के प्राइस में अब 1.22 लाख रुपये का अंतर है.
यह भी पढ़ें: 23 लाख में लॉन्च हुई KTM की ये बाइक! जानें क्यों कही जा रही है 'बीस्ट'
इस स्पेस में कंपनी अपनी 350 सीसी की बाइक को इंट्रोड्यूस कर सकती है. हाल में बजाज ने ट्रायम्फ बाइक्स को 350 सीसी इंजन के साथ लॉन्च किया है. रिपोर्ट्स की मानें, तो बजाज 350 सीसी के केटीएम मॉडल्स पर भी काम कर रही है. इसकी वजह से कंपनी 18 परसेंट टैक्स ब्रैकेट में भी बड़े इंजन की बाइक लॉन्च कर पाएगी.