
Kia Syros Electric SUV: भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग के बीच किआ इंडिया ने अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी Kia Syros EV से पर्दा उठा दिया है. यह कंपनी की भारत में दूसरी मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV है. सबसे बड़ी बात यह है कि यह अपने सेगमेंट की पहली इलेक्ट्रिक SUV बन गई है, जो सिंगल चार्ज में 526 किलोमीटर तक की रेंज देती है. कंपनी ने इसकी प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है. ग्राहक केवल 25,000 रुपये देकर इसे ऑनलाइन या किआ डीलरशिप के जरिए बुक कर सकते हैं.
Kia Syros EV का लुक और डिज़ाइन काफी हद तक पेट्रोल मॉडल जैसा ही है. कंपनी ने इसे दो बैटरी विकल्पों के साथ पेश किया है. इसका 51.4kWh एक्सटेंडेड रेंज बैटरी पैक एक बार फुल चार्ज होने पर 526 किलोमीटर की रेंज देता है. वहीं 42kWh बैटरी पैक के साथ यह एसयूवी 443 किलोमीटर तक चल सकती है. कंपनी का दावा है कि यह अपने सेगमेंट की पहली इलेक्ट्रिक SUV है, जिसकी रेंज 500 किलोमीटर से ज्यादा है.

39 मिनट में चार्ज
नई Syros EV में 171PS की पावर देने वाली इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो इसे अपने सेगमेंट की सबसे ताकतवर SUV बनाती है. 51.4kWh बैटरी वाले मॉडल में यह SUV केवल 8.1 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. इसके अलावा 100kW DC फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी 10 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक केवल 39 मिनट में चार्ज हो जाती है. इसमें बैटरी कंडीशनिंग सिस्टम भी दिया गया है, जो फास्ट चार्जिंग के लिए बैटरी का टेंप्रेचर ऑटोमेटिक कंट्रोल करता है.
किआ ने Syros EV के साथ ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंता दूर करने की कोशिश की है. कंपनी इस SUV पर लाइफटाइम बैटरी वारंटी दे रही है. इसके साथ अस्योर्ड बायबैक प्रोग्राम भी मिलेगा, जिससे भविष्य में कार बेचने पर बेहतर रीसेल वैल्यू मिलेगी. कंपनी इस एसयूवी को बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) प्रोग्राम के साथ भी पेश कर रही है. जिससे यूजर कम खर्च में इलेक्ट्रिक एसयूवी घर ला सकेंगे.

मिलते हैं ये फीचर्स
नई Syros EV के केबिन को इसके पेट्रोल मॉडल जैसा ही एडवांस बनाया गया है. इसमें 30 इंच का ट्राइनिटी पैनारोमिक डिस्प्ले पैनल दिया गया है. जिसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और क्लाइमेट कंट्रोल स्क्रीन शामिल हैं. इसके अलावा हर्मन कॉर्डन का 8-स्पीकर प्रीमियम साउंड सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कार प्ले सपोर्ट, ओवर-द-एयर OTA अपडेट, वायरलेस फोन चार्जर, डुअल पेन पैनोरमिक सनरूफ, 64 कलर एम्बिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड सीटें, 100W USB-C चार्जर और 16 लीटर का फ्रंक भी मिलता है.
सेफ्टी भी दमदार
किआ ने Syros EV को सेफ्टी के मामले में भी काफी बेहतर बनाया है. इसमें लेवल-2 ADAS की सेफ्टी मिल रही है. जिसमें 16 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स शामिल हैं. इनमें फ्रंट कोलिजन अवॉइडेंस, स्मार्ट क्रूज कंट्रोल, लेन कीपिंग असिस्ट, लेन फॉलोइंग असिस्ट और ड्राइवर अटेंशन वार्निंग जैसे फीचर्स मिलते हैं.

इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, पार्किंग असिस्ट, 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल स्टार्ट असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर और ऑल व्हील डिस्क ब्रेक जैसे कुल 25 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं.
Kia Syros EV को कुल 7 वेरिएंट में पेश किया गया है. छोटे यानी ( 42kWh) बैटरी पैक के साथ ग्राहकों को तीन वेरिएंट मिलेंगे. वहीं 51.4kWh एक्सटेंडेड रेंज बैटरी पैक के साथ ग्राहका चार वेरिएंट (HTK+ ER, HTX ER, HTX+ ER और X-Line ER) का चुनाव कर सकते हैं. ये इलेक्ट्रिक एसयूवी 9 अलग-अलग रंगों में उपलब्ध होगी. फिलहाल कंपनी ने इसकी कीमत का ऐलान नहीं किया है. कीमतों की घोषणा आने वाले समय में की जाएगी.