रूस की राजधानी मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों पर यूक्रेन ने रविवार को बड़ा ड्रोन हमला किया. इस हमले में एक भारतीय शख्स की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. रूस में मौजूद भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है.
यूक्रेन ने रविवार की रात मॉस्को पर पिछले कई महीनों का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया. रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि 24 घंटे के अंदर पूरे देश में 1,000 से ज्यादा यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि राजधानी की तरफ आ रहे कम से कम 81 ड्रोन को रात में मार गिराया गया.
हमले में कई इलाकों में घर और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. कई जगहों पर हवाई हमले के सायरन बजे, धमाके सुनाई दिए और मलबा गिरा.
कितने लोग मरे?
इस हमले में कुल चार लोगों की मौत हुई. मॉस्को के पास खिमकी इलाके में एक महिला की मौत हो गई जब मलबा उसके घर पर गिरा. मायतिशी जिले के पोगोरेल्की गांव में दो और लोग मारे गए. रूस के बेलगोरोद इलाके में, जो यूक्रेन की सीमा से लगता है, एक और मौत की खबर आई. कई और लोग घायल हुए. मॉस्को के एक तेल रिफाइनरी के पास भी कुछ लोग घायल हुए, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि रिफाइनरी को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.
यूक्रेन ने क्यों किया हमला?
यूक्रेन ने कहा कि यह हमला रूस के उस बड़े हवाई हमले का जवाब था जो कुछ दिन पहले यूक्रेन की राजधानी कीव पर हुआ था. वो हमला पिछले चार साल से चल रही इस जंग के सबसे बड़े हमलों में से एक था.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें धुआं उठते और दमकल कर्मी आग बुझाते दिख रहे थे. उन्होंने कहा कि रूस जंग को लंबा खींच रहा है और हमारे शहरों और लोगों पर हमले कर रहा है, इसलिए यह जवाबी कार्रवाई पूरी तरह सही है. जेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन ने रूस के अंदर 500 किलोमीटर से भी ज्यादा दूर तक के ठिकानों पर हमले किए.
रूस ने क्या कहा?
रूस ने इन हमलों की निंदा की और कहा कि यूक्रेन आम नागरिकों को निशाना बना रहा है. रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने इसे 'बड़ा आतंकी हमला' बताया.
हालांकि जंग शुरू होने से लेकर अब तक रूस और यूक्रेन दोनों बार-बार कहते रहे हैं कि वो जानबूझकर आम नागरिकों को नहीं मारते. लेकिन सच्चाई यह है कि दोनों तरफ रिहायशी इलाके और आम लोगों की जरूरत की जगहें बार-बार हमलों की चपेट में आती रही हैं.
aajtak.in