केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को कोलकाता दौरे पर जाएंगे, जहां वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे. पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद इसे राज्य के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजनों में से एक माना जा रहा है. बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह सोमवार शाम करीब 4 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास जाएंगे.
केंद्रीय गृह मंत्री हुगली जिले के जीराट स्थित मुखर्जी के पैतृक घर में प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला भी रख सकते हैं. इसके अलावा वह बिस्वा बांग्ला मेला ग्राउंड में आयोजित स्मृति कार्यक्रम में शामिल होकर जनसंघ संस्थापक को श्रद्धांजलि देंगे. अमित शाह के दौरे की तैयारियों को लेकर इस सप्ताह बीजेपी नेताओं की एक अहम बैठक पार्टी के सॉल्ट लेक कार्यालय में आयोजित की गई थी, जिसमें कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई.
बंगाल बीजेपी नेतृत्व के साथ करेंगे संगठनात्मक बैठकें
राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा शाह पश्चिम बंगाल बीजेपी नेतृत्व के साथ संगठनात्मक बैठकें भी कर सकते हैं. माना जा रहा है कि राज्य में सत्ता में आने के बाद बीजेपी अपने संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह देशभर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा, 'चाहे पश्चिम बंगाल का कार्यकर्ता हो या लद्दाख का, बीजेपी की विचारधारा से जुड़ा हर व्यक्ति इस दिन को ऐतिहासिक मानता है.'
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह अवसर इसलिए भी खास है क्योंकि श्यामा प्रसाद की धरती पर अब श्यामा प्रसाद की सरकार बनी है. उन्होंने अमित शाह के दौरे को ऐतिहासिक क्षण बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों तक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को इतिहास और पाठ्यपुस्तकों में पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया, लेकिन अब नई पीढ़ी उनके योगदान को समझने लगी है. इस बीच, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार ने 6 जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.
श्यामा प्रसाद की जयंती पर होगा प्रतिमा का शिलान्यास
राज्य सरकार ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फीट ऊंची स्मारक प्रतिमा बनाने, पैतृक आवास के पुनर्निर्माण और आसपास के क्षेत्र को लाइब्रेरी सहित स्मारक परिसर के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की है. कोलकाता में 6 जुलाई 1901 को जन्मे श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री थे. बाद में उन्होंने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जो आगे चलकर 6 अप्रैल, 1980 को भारतीय जनता पार्टी के नाम से देश की राजनीति में सक्रिय हुई. देशभर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार और बीजेपी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
aajtak.in