इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हेडिंग्ले टेस्ट में महज तीन दिन के भीतर पारी और 103 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत की है. दूसरी तरफ पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है और वह अब वेस्टइंडीज से भी नीचे पहुंचकर तालिका में सबसे आखिरी स्थान पर खिसक गया है.
दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने गेंद और बल्ले, दोनों से पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया. जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की और तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पहली पारी को सिर्फ 171 रन पर समेट दिया.
रॉबिन्सन और टंग ने पहले ही दिन तोड़ी कमर
पाकिस्तान की पहली पारी में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा. ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 171 रन पर सिमट गई. इसके बाद इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर मुकाबले को पूरी तरह अपनी पकड़ में ले लिया.
हैरी ब्रूक ने खेली 91 रन की पारी
इंग्लैंड की पहली पारी में मिडिल ऑर्डर के बैटर्स बल्लेबाजों ने शानदार योगदान दिया. हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 91 रन बनाए और शतक से चूक गए. कप्तान जो रूट ने 66 रन की पारी खेली. जॉर्डन कॉक्स ने 73 रन बनाए, जबकि डैन लॉरेंस ने 51 रन का योगदान दिया. इन पारियों के दम पर इंग्लैंड ने 409 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और पाकिस्तान पर पहली पारी के आधार पर 238 रन की विशाल बढ़त बना ली.
दूसरी पारी में पाकिस्तान फिर बिखरा
238 रन से पिछड़ने के बाद उम्मीद थी कि पाकिस्तान दूसरी पारी में बेहतर प्रदर्शन करेगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उसकी बल्लेबाजी एक बार फिर पूरी तरह बिखर गई पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 37.3 ओवर में 135 रन पर सिमट गई. इस तरह इंग्लैंड ने मुकाबला पारी और 103 रन से अपने नाम कर लिया. इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट लिए. वहीं जोफ्रा आर्चर ने नई गेंद से शानदार शुरुआत दिलाई और उन्होंने भी तीन विकेट अपने नाम किए.रॉबिन्सन को पूरे टेस्ट में आठ विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
पाकिस्तान के स्पिन अली उस्मान ने झटके 5 विकेट
पाकिस्तान की ओर से पहले टेस्ट में पॉजिटिव बात बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान का प्रदर्शन रहा. उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में पांच विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान मुकाबले में वापसी नहीं कर सका.
WTC पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान सबसे नीचे
हेडिंग्ले टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की पॉइंट्स टेबल में बड़ा झटका लगा है. वह अब वेस्टइंडीज से नीचे नौवें और आखिरी स्थान पर पहुंच गया है. पाकिस्तान ने अब तक 7 मैच खेले हैं, जिनमें उसे 2 में जीत और 5 में हार मिली है. उसके 16 अंक हैं और जीत प्रतिशत (PCT) 19.05 है. वहीं इंग्लैंड इस बड़ी जीत के बावजूद सातवें स्थान प है. इंग्लैंड ने अब तक 14 मैचों में 5 जीत हासिल की हैं, जबकि 8 में हार मिली और एक मैच ड्रॉ रहा. उसके खाते में 50 अंक हैं और PCT 29.76 है.
ऑस्ट्रेलिया नंबर-1, भारत पांचवें स्थान पर
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 की तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर बना हुआ है. उसने 9 में से 7 मैच जीते हैं और उसके 84 अंक हैं. ऑस्ट्रेलिया का PCT 77.78 है.साउथ अफ्रीका अफ्रीका 4 मैचों में 3 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है. उसके 36 अंक और 75 का PCT है. न्यूजीलैंड 6 मैचों में 4 जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ तीसरे स्थान पर है. उसके 52 अंक और 72.22 का PCT है.
बांग्लादेश 5 मैचों में 3 जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ चौथे नंबर पर है. उसके 40 अंक हैं और PCT 66.67 है.
भारत फिलहाल पांचवें स्थान पर है. भारतीय टीम ने 10 मैचों में 5 जीत हासिल की हैं, 4 में हार मिली है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा. भारत के 64 अंक और PCT 53.33 है.श्रीलंका छठे स्थान पर है. उसने 5 में से एक मैच जीता है, 2 हारे हैं और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. उसके 20 अंक और PCT 33.33 है. इंग्लैंड सातवें, वेस्टइंडीज आठवें और पाकिस्तान नौवें स्थान पर है. भारत अगर कोलंबो टेस्ट जीतता है और ऑस्ट्रेलिया मैके में चल रहे दूसरे टेस्ट को जीतता है, तो शुभमन ब्रिगेड को और फायदा हो सकता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क