इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 मैच बारिश में धुल जाने के बाद टीम इंडिया मैनचेस्टर पहुंच चुकी है, जहां सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (4 जुलाई) को खेला जाना है. इस बीच BCCI ने टीम के सफर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, लेकिन इस वीडियो ने एक नई बहस छेड़ दी. वजह बने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी.
वीडियो की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी से होती है. स्टाइलिश चश्मा, शानदार SWAG और टीम के साथ उनका अंदाज फैन्स को खूब पसंद आया. हालांकि इसके साथ ही सोशल मीडिया पर BCCI को लेकर सवालों की बाढ़ भी आ गई, क्योंकि पहले टी20 में वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था.
कई फैन्स ने BCCI के पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा कि अगर वीडियो की शुरुआत वैभव से हो सकती है तो दूसरे टी20 में उनकी बल्लेबाजी से भी शुरुआत होनी चाहिए. एक यूजर ने लिखा- जैसे वीडियो की स्टार्टिंग वैभव से की वैसे ही दूसरे टी20 की स्टार्टिंग भी वैभव की बैटिंग से कर दो
एक अन्य फैन ने BCCI पर तंज कसते हुए लिखा-वैभव को खिलाओगे नहीं, लेकिन शुरुआत वहीं से करोगे. कुछ यूजर्स का मानना था कि वैभव को सिर्फ लोकप्रियता के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. एक ने कमेंट किया- वैभव भाई को व्यूज और टिकट के लिए ही रखा है.
दूसरे टी20 से पहले भी फैन्स लगातार वैभव को टीम में शामिल करने की मांग कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर कई कमेंट्स देखने को मिले, जिनमें लिखा गया - वैभव सूर्यवंशी अगले मैच में डेब्यू करेंगे, वैभव कल खेलेंगे और अगले मैच में वैभव का सेलेक्शन.
कुछ फैन्स ने भविष्य की भारतीय ओपनिंग जोड़ी की भी कल्पना की. एक यूजर ने लिखा- सोचो वैभव और अभिषेक एक ओपनिंग करें तो क्या होगा, वहीं एक और मजेदार कमेंट लिखा गया, "अभिषेक,ईशान और वैभव तीनों बैकबेंचर बनकर पीछे ही बैठे हैं.
एक अन्य यूजर ने BCCI की रणनीति पर सवाल उठाते हुए लिखा- वैभव के नाम पर मैच बेचना और फिर यह कहना कि हमें नहीं पता कि हमारे सर्कल के बाहर के लोग क्या कह रहे हैं, चरम सीमा है, इस कमेंट को भी सोशल मीडिया पर काफी सपोर्ट मिला.
तिलक की जगह रिंकू को खिलाओ, सूर्या को किया याद
वैभव के अलावा कुछ फैन्स ने टीम कॉम्बिनेशन पर भी अपनी राय रखी. एक यूजर ने लिखा कि तिलक वर्मा की जगह टी20 टीम में रिंकू सिंह को मौका मिलना चाहिए.
इसी वीडियो के कमेंट सेक्शन में कुछ फैन्स ने भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी याद किया और उनकी मौजूदगी को मिस करने की बात कही.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है. पहले टी20 में मौका नहीं मिलने के बावजूद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा उन्हीं की हो रही है. अब सभी की नजरें दूसरे टी20 पर टिकी हैं कि क्या टीम मैनेजमेंट युवा बल्लेबाज को आखिरकार इंटरनेशनल डेब्यू का मौका देता है या नहीं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क