भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला में आज (13 जून) होने वाले पहले वनडे मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने विराट कोहली की अनुपस्थिति से लेकर जसप्रीत बुमराह के बैकअप प्लान, हार्दिक पंड्या की भूमिका और अफगानिस्तान के चैलेंज पर बात की.
धर्मशाला में मोर्कल ने मैच से पहले 'आजतक' से बातचीत में माना कि विराट कोहली की कमी खलेगी. उन्होंने कहा कि कोहली लंबे समय से टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर की रीढ़ रहे हैं और उनका अनुभव टीम को अतिरिक्त मजबूती देता है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय क्रिकेट में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और ऐसे मौके यंग खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म बन जाते हैं.
उन्होंने कहा कि कोहली की गैरमौजूदगी में कई बल्लेबाजों के पास अपनी उपयोगिता साबित करने का मौका होगा. ईशान किशन, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल समेत अन्य खिलाड़ी इस मौके का फायदा उठाकर टीम में अपनी भूमिका मजबूत कर सकते हैं.
जसप्रीत बुमराह का ऑप्शन कौन होगा, मोर्कल ने बता दिया...
जसप्रीत बुमराह को लेकर पूछे गए सवाल पर मोर्कल ने बताया कि टीम मैनेजमेंट फ्यूचर को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक विकल्प तैयार करना चाहता है. 2027 वर्ल्ड कप और साउथ अफ्रीका टूर को देखते हुए यंग खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है. इसी प्लानिंग के तहत गुरनूर और प्रिंस जैसे यंग पेसर्स को भी टीम में शामिल किया गया है. मोर्कल को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी मिले मौके का पूरा फायदा उठाएंगे और अपनी छाप छोड़ेंगे.
हार्दिक पंड्या की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में हार्दिक का महत्व बेहद खास है. वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देकर टीम को बैलेंस प्रदान करते हैं. मोर्कल ने माना कि हार्दिक जैसे ऑलराउंडर का विकल्प ढूंढना आसान नहीं है, लेकिन युवा खिलाड़ियों को इंटरनेशन लेवल पर तैयार करने के लिए उन्हें अवसर देना भी उतना ही जरूरी है.
अफगानिस्तान के चैलेंज लेकर मोर्कल ने कहा कि भारतीय टीम किसी भी हालत में विपक्षी टीम को हल्के में नहीं ले रही है. उन्होंने याद दिलाया कि अफगानिस्तान ने हाल ही में साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को हराया था. उनके अनुसार अफगान खिलाड़ी लगातार बेहतर हो रहे हैं और रेड-बॉल क्रिकेट खेलने से उनके खेल में मैच्योरिटी आई है. यही वजह है कि भारतीय टीम पूरी गंभीरता के साथ मैदान में उतरेगी.
भारतीय तेज गेंदबाजी के भविष्य पर बात करते हुए मोर्कल ने युवा गेंदबाजों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के गेंदबाजों का प्रदर्शन उत्साह बढ़ाने वाला है और इससे साफ दिखता है कि भारतीय क्रिकेट का तेज गेंदबाजी विभाग मजबूत हाथों में है.
धर्मशाला के मौसम और बारिश की संभावना पर उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में यहां लगातार बारिश हुई है और मैच के दिन भी मौसम चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि मौसम पर किसी का नियंत्रण नहीं होता. ऐसे में भारतीय टीम हर तरह की परिस्थिति के लिए तैयार है. मोर्कल ने भरोसा जताया कि खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों तरह की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
भारतीय टीम अब अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में जीत के साथ शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी, जबकि टीम प्रबंधन की नजर केवल मौजूदा मैच पर नहीं बल्कि भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए मजबूत विकल्प तैयार करने पर भी है.
इंडिया स्क्वॉड: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव
अफ़गानिस्तान स्क्वॉड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांगेयालिया खरोटी, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी और मोहम्मद सलीम सफी.
पूजा शर्मा