21 चौके-10 छक्के... हैरी ब्रूक ने ODI क्रिकेट में रचा इतिहास, 114 गेंदों में ठोका सबसे तेज दोहरा शतक, बनाए ये महार‍िकॉर्ड

हैरी ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में इतिहास रच दिया. इंग्लैंड के कप्तान ने 116 गेंदों में 202 रन बनाए, जबकि दोहरा शतक 114 गेंदों में पूरा किया. वह इंग्लैंड के पहले ODI डबल सेंचुरियन बने और सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. इंग्लैंड ने 50 ओवर में 429/4 रन बनाए.

Advertisement
हैरी ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ 114 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया (Photo: AP) हैरी ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ 114 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया (Photo: AP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • रावलप‍िंडी ,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:53 PM IST

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने वनडे इंटरनेशनल (ODI) क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान में चल रही ODI ट्राई-सीरीज के मुकाबले में महज 114 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिया.

ब्रूक इंग्लैंड की ओर से ODI क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उनकी तूफानी पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 50 ओवर में चार विकेट पर 429 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. वहीं ब्रूक ग्लेन मैक्सवेल के बाद ब्रूक ODI में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे नॉन-ओपनर हैं. 

Advertisement

इससे पहले शुभमन गिल ने वनडे क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में  इसी साल 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया था.

गुरुवार (22 अक्टूबर 2026) को रावलपिंडी में खेले जा रहे इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. ब्रूक ने 116 गेंदों में 202 रन बनाए. उनकी पारी में 21 चौके और 10 छक्के शामिल रहे.

उन्होंने 174.13 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और 159 मिनट तक बल्लेबाजी की. उनका दोहरा शतक वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक रहा.

ब्रूक के बल्ले से निकले 21 चौके और 10 छक्के
इंग्लैंड की शुरुआत टॉम बैंटन और बेन डकेट ने की. बैंटन ने 51 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल रहे. उन्हें दुनिथ वेलालागे ने आउट किया. डकेट ने 39 गेंदों में 29 रन बनाए और वह भी वेलालागे का शिकार बने. इंग्लैंड ने 85 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे.

Advertisement

इसके बाद जो रूट और कप्तान हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला. रूट ने 66 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल थे. उन्हें असिथा फर्नांडो ने आउट किया. रूट के आउट होने के बाद भी ब्रूक का आक्रामक अंदाज जारी रहा.

ब्रूक ने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ लगातार बड़े शॉट लगाए और रिकॉर्ड दोहरा शतक पूरा किया. वह पारी की आखिरी गेंद पर जनिथ लियानागे की गेंद पर आउट हुए. उन्होंने गेंद को बैकवर्ड पॉइंट की ओर खेलने की कोशिश की, लेकिन वहां सहन अराच्चिगे ने कैच लपक लिया.

विल जैक्स ने भी मचाया धमाल
ब्रूक के साथ विल जैक्स ने भी तेज बल्लेबाजी की. जैक्स 30 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 66 रन बनाकर लौटे. उनका स्ट्राइक रेट 220 रहा. इंग्लैंड ने आखिरी पांच ओवर में 78 रन बनाए और इस दौरान एक विकेट गंवाया.

इंग्लैंड की पारी में अतिरिक्त के रूप में 13 रन मिले, जिनमें एक बाई, एक लेग बाई, दो नो-बॉल और नौ वाइड शामिल रहे. टीम ने 50 ओवर में 429/4 का स्कोर बनाया और उसका रन रेट 8.58 रहा.

श्रीलंका के गेंदबाज महंगे साबित हुए
श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेलालागे सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 10 ओवर में 56 रन देकर दो विकेट लिए. असिथा फर्नांडो ने 10 ओवर में 68 रन देकर एक विकेट हासिल किया, जबकि जनिथ लियानागे को दो ओवर में 32 रन देकर एक विकेट मिला.

दिलशान मदुशंका ने 10 ओवर में 89 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. एशन मलिंगा ने 10 ओवर में 91 रन खर्च किए. दसुन शनाका ने छह ओवर में 74 रन दिए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने दो ओवर में 17 रन दिए.ब्रूक के ऐतिहासिक दोहरे शतक और जैक्स की विस्फोटक पारी ने इंग्लैंड को 429 रन तक पहुंचा दिया.

Advertisement

ODI में 400 से ज्यादा का टोटल
9 - इंडिया
8 - इंग्लैंड
8 - साउथ अफ्रीका
3 - ऑस्ट्रेलिया
2 - न्यूज़ीलैंड
2 - श्रीलंका
1 - वेस्ट इंडीज
1 - ज‍िम्बाब्वे

सबसे तेज ODI डबल सेंचुरी (बॉल के हिसाब से)
114 - हैरी ब्रूक बनाम SL, रावलपिंडी, 2026
117 - शुभमन गिल बनाम WI, गुवाहाटी, 2026
126 - ईशान किशन बनाम BAN, चटगाँव, 2022
128 - ग्लेन मैक्सवेल बनाम AFG, मुंबई WS, 2023
136 - पथुम निस्सांका बनाम AFG, पल्लेकेले, 2024

ODI में ENG के लिए सबसे बड़े इंडिविजुअल स्कोर
202 - हैरी ब्रूक बनाम SL, रावलपिंडी, 2026
182 - बेन स्टोक्स बनाम NZ, द ओवल, 2023
180 - जेसन रॉय बनाम AUS, मेलबर्न, 2018
171 - एलेक्स हेल्स बनाम PAK, ट्रेंट ब्रिज, 2016
167* - रॉबिन स्मिथ बनाम AUS, एजबेस्टन, 1993

अब आसान भाषा में समझें, ब्रूक पारी की बदौलत क्या र‍िकॉर्ड बनें 

  • इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
  • इंग्लैंड की ओर से वनडे में पहला दोहरा शतक
  • वनडे क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक
  • रावलपिंडी में वनडे का सबसे बड़ा स्कोर

इंग्लैंड की प्लेइंग-11: टॉम बैंटन, बेन डकेट, जो रूट,  हैरी ब्रूक (कप्तान),  विल जैक्स, सैम करन, जॉर्डन कॉक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, गस एटकिंसन, जोश टंग 

श्रीलंका की प्लेइंग-11: कामिंदु मेंडिस, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस (कप्तान), पवन रथनायके, सहन अराच्चिगे ,सहन अराच्चिगे, जनिथ लियानागे, दसुन शनाका, दुनिथ वेल्लालागे, एशन मलिंगा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »