DC vs MI IPL 2026 Highlights: कोटला में समीर रिजवी का तूफान, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया

Delhi Capitals vs Mumbai Indians IPL: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने हुईं. इस मुकाबले को दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीता. मौजूदा सीजन में दोनों ही टीमों ने अपने-अपने पहले मुकाबले जीते थे.

Advertisement
आईपीएल में मुंबई-दिल्ली के बीच मुकाबला हुआ. (Photo: AP) आईपीएल में मुंबई-दिल्ली के बीच मुकाबला हुआ. (Photo: AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:12 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-8 में शनिवार (4 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से हुआ. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (कोटला) में हुए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीत हासिल की. मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 163 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 18.1 ओवर में हासिल कर लिया. दिल्ली कैपिटल्स के लिए रनचेज में समीर रिजवी ने तूफानी 90 रन बनाए.

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स की मौजूदा सीजन में ये लगातार दूसरी जीत है. वहीं मुंबई इंडियंस की इस सीजन ये पहली हार रही. मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मुकाबले में कोलकता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से परास्त किया था. वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने भी अपने पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से शिकस्त दी थी.

रिजवी ने तूफानी बैटिंग कर पलटा गेम
रनचेज में दिल्ली कैपिटल्स की  शुरुआत अच्छी नहीं रही. केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर दीपक चाहर की गेंद पर चलते बने. वहीं नीतीश राणा (0 रन) को जसप्रीत बुमराह ने डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट किया. यहां से पथुम निसंका और 'इम्पैक्ट सब' समीर रिजवी के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की पार्टनरशिप हुई. निसंका ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 30 गेंदों पर 44 रनों का योगदान दिया. मिचेल सेंटनर ने निसंका का विकेट लिया, जिसके चलते ये साझेदारी टूटी.

Advertisement

इसके बाद समीर रिजवी और डेविड मिलर के बीच चौथे विकेट के लिए 78 रनों अर्धशतकीय साझेदारी हुई, जिसने मैच को एकतरफा बना दिया. समीर रिजवी ने 51 गेंदों पर 90 रन बनाए, जिसमें सात छक्के और सात चौके शामिल रहे. वहीं मिलर ने 18 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 21 रनों का योगदान दिया, जिसमें चार चौके शामिल रहे.

ऐसी रही मुंबई इंडियंस की इनिंग्स
मुंबई इंडियंस ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 162 रन बनाए थे. मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए. रयान रिकेल्टन (9 रन) और तिलक वर्मा (0 रन) को एक ही ओवर में मुकेश कुमार ने चलता किया. रोहित शर्मा अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वो उतनी बड़ी इनिंग्स नहीं खेल पाए. रोहित ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 26 बॉल पर 35 रन बनाए. रोहित को अक्षर पटेल ने नीतीश राणा के हाथों कैच आउट कराया.

यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या को क्या हुआ? दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेले, सूर्या ने संभाली कप्तानी

रोहित शर्मा ने इस दौरान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की. इसके बाद शेरफेन रदरफर्ड को विप्रज निगम ने सिर्फ 5 रनों के निजी स्कोर पर चलता किया. रदरफोर्ड के आउट होने के समय मुंबई का स्कोर 85/4 था. सूर्यकुमार की शानदार बैटिंग जारी रही और वो अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहे. सूर्यकुमार ने 3 चौके और दो छक्के की मदद से 36 गेंदों पर 51 रनों का योगदान दिया. सूर्यकुमार को लुंगी एनगिडी ने एलबीडब्ल्यू आउट किया.

Advertisement

इसके बाद मुंबई इंडियंस ने नमन धीर (28 रन) का विकेट गंवाया, जो टी नटराजन का शिकार बने. सूर्यकुमार यादव और नमन के विकेटों ने मुंबई इंडियंस की इनिंग्स का मोमेंटम ब्रेक किया. हालांकि मिचेल सेंटनर (नाबाद 18 रन) और कॉर्बिन बॉश (11 रन) ने तेजी से रन बनाने की कोशिश. दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके.

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या बीमार होने के चलते खेलने नहीं उतरे. हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस की कप्तानी की. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता था.

इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच कांटेदार मुकाबले होते रहे हैं. दोनों टीमों के बीच अब तक 38 मुकाबले खेले गए है. इस दौरान मुंबई इंडियंस ने 21 मुकाबलों में जीत हासिल की. जबकि 17 मैचों में दिल्ली कैपिटल्स को सफलता मिली.

दिल्ली vs मुंबई H2H
कुल IPL मैच: 38
मुंबई ने जीते: 21
दिल्ली ने जीते: 17

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसंका, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार और टी नटराजन.
इम्पैक्ट सब: समीर रिजवी

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग-11: रयान रिकलेटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और जसप्रीत बुमराह.
इम्पैक्ट सब: मयंक मार्कंडे

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement