उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लू का कहर जारी है. दिन का तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. रातें भी गर्म हो रही हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अच्छी खबर यह है कि 29 मई से तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में फिलहाल भयंकर गर्मी पड़ रही है. अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. दिल्ली में 26 और 27 मई को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29-32 डिग्री के आसपास रहेगा. दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है.
यह भी पढ़ें: प्रशांत महासागर में मिला एलियन जैसा नीला ऑक्टोपस... 10 साल की स्टडी के बाद पता चली प्रजाति
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में कोई बड़ी राहत नहीं मिलने वाली है. नौतपा का दौर चल रहा है, जो मई के अंत और जून के पहले सप्ताह तक रहता है. इस दौरान सूर्य की गर्मी सबसे ज्यादा पड़ती है. मैदानी इलाकों में तापमान 45-50 डिग्री तक चला जाता है.
29 मई से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है. 28-29 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके असर से 29 मई से 31 मई के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.
28 और 29 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, धूल भरी आंधी और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. इससे गर्मी और लू से काफी हद तक राहत मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: इंसान के पास होती है तीसरी आंख! वैज्ञानिकों ने कर डाली बड़ी खोज
अन्य राज्यों में मौसम की स्थिति
देश के कई हिस्सों में लू चल रही है. छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश में लू या हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है.
पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और पश्चिम राजस्थान में भीषण लू चल रही है. पश्चिम बंगाल, कोंकण-गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा. कुछ इलाकों में रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की वजह से ‘वार्म नाइट’ की स्थिति बनी हुई है.
दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश हो रही है. असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश जारी है. चेरापूंजी और अगरतला जैसे इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं. बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी खतरा है.
दक्षिण भारत के राज्यों केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने से मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: बिना देखे, सिर्फ छूकर ये जीव कर देता है मादा को प्रेग्नेंट, काम आते हैं 50 करोड़ न्यूरॉन्स
मानसून की प्रगति
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. अगले कुछ दिनों में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के और हिस्सों में मानसून पहुंचने की संभावना है. इससे दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. किसानों के लिए यह बुवाई की तैयारी का अच्छा समय है.
उत्तर भारत अभी कुछ दिन और गर्मी से त्रस्त रहेगा, लेकिन 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ के आने से तापमान में अच्छी गिरावट आने की उम्मीद है. बारिश और तेज हवाएं गर्मी से राहत दिलाएंगी. हालांकि, मौसम में तेज बदलाव हो रहा है, इसलिए सभी को सतर्क रहना चाहिए.
आजतक साइंस डेस्क