सुबह के नाश्ते में रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठा खाकर अगर आपका मन भर गया है, तो आज कुछ नया और हेल्दी ट्राई करने का समय है. काला चना सेहत के लिए एक सुपरफूड माना जाता है जो शरीर को दिनभर के लिए भरपूर एनर्जी देता है.
जब इस उबले हुए चने में ताजी कटी सब्जियां, नींबू का रस और खास चाट मसाले मिलाए जाते हैं तो तैयार होती है बेहद लाजवाब काले चने की चाट. यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट है बल्कि ऑयल-फ्री और वेट लॉस के लिए भी सबसे बेस्ट ब्रेकफास्ट है. आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान और क्विक रेसिपी.
सामग्री
1 कप काला चना (रातभर भिगोया हुआ और उबला हुआ)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 बड़ा टमाटर (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा खीरा (बारीक कटा हुआ)
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1/2 कप हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
1/4 छोटा चम्मच काला नमक
1 चम्मच नींबू का रस
1/2 कप बारीक सेव या भुजिया
बनाने का तरीका
रातभर भीगे हुए काले चने को कुकर में थोड़ा सा नमक और पानी डालकर 3-4 सीटी आने तक उबाल लें. इसके बाद पानी छानकर चनों को एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकाल लें और हल्का ठंडा होने दें.
उबले हुए चने में बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, खीरा और हरी मिर्च डालें.
अब इस मिश्रण में भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, काला नमक और स्वाद के अनुसार सादा नमक डालें. ऊपर से ताजा नींबू का रस निचोड़ें.
सभी सामग्रियों को चम्मच की मदद से अच्छी तरह टॉस करते हुए मिला लें ताकि मसालों का फ्लेवर चने में अच्छी तरह बैठ जाए.
कटी हुई हरी धनिया और बारीक सेव से गार्निश करें. आपकी चटपटी, तीखी और रिफ्रेशिंग काले चने की चाट तैयार है. इसे गरमा-गरम चाय के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क