कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में यूथ कांग्रेस, NSUI और सेवा दल के कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की. इस दौरान राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को लंबी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार रहने का मंत्र दिया.
इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल थे. उन्होंने ग्राउंड लेवल पर संघर्ष करने वाले इन कार्यकर्ताओं से खास बातचीत की.
राहुल गांधी ने पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज और जेल की सजा का सामना करने वाले कार्यकर्ताओं की हिम्मत को सराहा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है. राहुल गांधी ने कहा, 'मुझे देखो, आपको डरना नहीं है और FIR से घबराना नहीं है.'
'हम छोड़ेंगे नहीं' की मुहिम पर चलना है- राहुल गांधी
बैठक में ये संदेश भी दिया गया कि विरोध प्रदर्शनों के जरिए युवाओं के संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाता रहेगा. प्रधानमंत्री के घर के बाहर हाल ही में हुए धरने का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'मैंने एक साल पहले आपसे कहा था कि जल्दी मोदी-शाह के घर के बाहर प्रदर्शन होंगे. देखिए, दिल्ली में हो रहे हैं. इसलिए हम छोड़ेंगे नहीं की मुहिम पर चलते जाना है.'
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार होती, तो प्रदर्शन करने वाले लोगों और सांसदों से प्रधानमंत्री खुद बाहर आकर मिलते.
कार्यकर्ताओं को 'बब्बर शेर' बताया
बैठक के दौरान राहुल गांधी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी आक्रामक नजर आए. उन्होंने कहा कि अमित शाह इस देश की युवा पीढ़ी और भविष्य को बर्बाद करना चाहते हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं को 'बब्बर शेर' बताया. राहुल गांधी ने NSUI कार्यकर्ताओं के बैंडेज वाली उंगलियों के प्रतीकात्मक विरोध और यूथ कांग्रेस के 'घोस्ट प्रोटेस्ट' जैसे अनूठे तरीकों की जमकर तारीफ की.
बैठक के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से ये भी पूछा कि बस की आवाजाही और हिरासत के दौरान क्या-क्या तरीके अपनाए गए थे. वहीं, प्रियंका गांधी ने भी जेल गए कार्यकर्ताओं से हाल-चाल पूछा और पूछा कि 'जेल की हवा कैसी थी?'
फ्रैक्चर झेलने वाले कार्यकर्ता ने अपना एक्सपीरियंस बताया
मीटिंग में पिछले दो हफ्तों से प्रदर्शनों में सबसे आगे रहने वाले कई कार्यकर्ताओं को उनके नाम से पुकारा गया और सम्मानित किया गया. पुलिस के साथ झड़प में अपने दाहिने पैर में फ्रैक्चर झेलने वाले आकाश ने अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने बताया, 'ले मेरिडियन सर्किल के पास मुझे बुरी तरह पीटा जा रहा था. बहुत सारे पुलिसकर्मी मेरे ऊपर थे. मैंने भैया (राहुल गांधी) के कार्गो पैंट और जूते पहचाने और कहा कि हां, ये राहुल गांधी हैं. मैंने उन्हें पुकारा, उन्होंने मुझे देखा और बचाया. मेरी जान बच गई.'
युथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु छिब, जिन पर दो दर्जन से ज्यादा FIR दर्ज हैं, उन्होंने कहा कि ये उनके लिए किसी मेडल से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि वो पूरी तरह से तैयार और स्टैंडबाय मोड पर हैं.
यह भी पढ़ें: 'दुष्यंत गौतम को राज्यपाल न बनने दें...' अंकिता भंडारी केस में राष्ट्रपति को राहुल गांधी की चिट्ठी
'मोदी सरकार के पास सिर्फ 8-9 महीने बचे हैं'
राहुल गांधी ने दावा कि मोदी सरकार के पास अब सिर्फ 8 से 9 महीने ही बचे हैं और ये सरकार इसके आगे नहीं टिक पाएगी. ये बैठक ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही राहुल गांधी ने इंडिया (INDIA) ब्लॉक के नेताओं और सिविल सोसायटी के सदस्यों के साथ हाई टी पर बैठक की थी.
राहुल गांधी के इस 'पाठशाला' रूपी संवाद का संदेश बिल्कुल साफ था. मोर्चे पर डटे रहें, नए तरीके अपनाएं, युद्ध के लिए तैयार रहें और इस लंबी लड़ाई के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दें.
मौसमी सिंह