'ट्रंप तानाशाह हैं और मोदी उनके गुलाम...', कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा हमला

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ईरान भी एक देश है. उसके सर्वोच्च नेता की हत्या कर दी गई. अगर किसी देश के नेता को मार दिया जाए तो क्या वह देश और दुनिया सुरक्षित रह पाएगी?

Advertisement
ट्रंप और पीएम मोदी को लेकर क्या बोले खड़गे. (Photo: AP) ट्रंप और पीएम मोदी को लेकर क्या बोले खड़गे. (Photo: AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:19 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तानाशाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनका गुलाम बताया है. उन्होंने यह टिप्पणी पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और टैरिफ मुद्दे पर केंद्र की बीजेपी सरकार के रुख को लेकर की है.

कर्नाटक के चित्तापुर में करीब 1,069 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने दावा किया कि ट्रंप जेफ्री एपस्टीन फाइलों का इस्तेमाल कर मोदी को कंट्रोल कर रहे हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि ईरान भी एक देश है. उसके सर्वोच्च नेता की हत्या कर दी गई. अगर किसी देश के नेता को मार दिया जाए तो क्या वह देश और दुनिया सुरक्षित रह पाएगी? चाहे ईरान के अली खामेनेई हों या वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो, अगर देशों के नेताओं को इस तरह धमकाया जाएगा तो दुनिया में शांति नहीं रहेगी.

खड़गे ने अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन का आरोप भी लगाया और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को मजबूर होकर यह समझौता स्वीकार करना पड़ा. उनके मुताबिक इस समझौते में भारत कई कृषि उत्पादों के आयात पर टैरिफ नहीं लगा सकता जबकि अमेरिका भारतीय निर्यात पर टैरिफ लगाता है.

उन्होंने कहा कि हमारे देश की 65 फीसदी आबादी कृषि पर निर्भर है, जबकि अमेरिका में यह केवल तीन फीसदी है. ऐसे लोगों (ट्रंप) से दोस्ती करके आप देश को गुलामी की ओर धकेल रहे हैं. आपने देश को अमेरिकी हितों के लिए गिरवी रख दिया है.

Advertisement

खड़गे ने तेल खरीद को लेकर कहा कि भारत पहले रूस, ईरान और वेनेजुएला से सस्ता तेल खरीदता था, लेकिन अब तेल खरीद राजनीतिक दबाव के आधार पर हो रही है. उन्होंने कहा कि मोदी ट्रंप को अपना दोस्त कहते हैं. भारत रूस से तेल लेता था, लेकिन ट्रंप ने कहा कि ऐसा मत करो, नहीं तो टैरिफ लगा देंगे. यही मोदी के ‘दोस्त’ ने किया है. 

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब अमेरिका, भारत पर तेल खरीद को लेकर दबाव बना रहा है, तो प्रधानमंत्री मोदी इस पर खुलकर क्यों नहीं बोल रहे.

खड़गे ने कहा कि अमेरिका ने भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने के लिए 30 दिन की अस्थायी छूट दी है. उन्होंने इसी संदर्भ में कहा कि ट्रंप तानाशाह है और मोदी उनके गुलाम हैं. उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे ऐसे हुक्म को स्वीकार करेंगे. खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी और अन्य नेताओं के बलिदान से देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement