उत्तर भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर हिमाचल प्रदेश तक के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है. वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं.
हिमाचल प्रदेश में बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों में तेज बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
जम्मू-कश्मीर में मौसम के इस बदले मूड का सीधा असर धार्मिक यात्राओं पर पड़ा है, जिसके चलते अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा को रविवार से अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला लिया गया है.
दिल्ली में बदला मौसम
देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई थी. अब IMD ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रविवार को 'येलो अलर्ट' जारी किया है. रविवार की सुबह मौसम सुहाना रहा. अब दोपहर के समय तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. इन हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, जो कभी-कभार झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
IMD ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि, दिल्लीवासियों को फिलहाल उमस और भीषण गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
उत्तर प्रदेश में 24 घंटे भारी बारिश का अनुमान
उत्तर प्रदेश के लिए IMD ने खास चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यहां कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी और छिटपुट जगहों पर बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने पूरे राज्य में बिजली चमकने और आंधी-तूफान को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: J&K के राजौरी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, उफान पर आए नदी-नाले, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
राजौरी में नदियां उफान पर, प्रशासन मुस्तैद
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है. बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वो बिना किसी जरूरी काम के यात्रा करने से बचें और नदियों, नालों तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाकर रखें. खराब मौसम की वजह से प्रशासन ने अमरनाथ और माता वैष्णो देवी की यात्रा को रविवार से रोकने का फैसला लिया है.
aajtak.in