केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा, 'अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है.' अमित शाह ने कहा कि मुझे मालूम है कि आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते, आप विदेश में कहीं बैठे हैं. आप वहां क्यों बैठे हैं, वह आपकी निजी जिंदगी है. शाह ने आगे कहा, 'एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए... मेरी बात सुनकर रखना, अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है.'
बता दें, गुरुवार को अमित शाह ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की ₹8,941 करोड़ की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. शाह ने कहा कि धरना-प्रदर्शन से कुछ नहीं होता. जहां से चुनकर आए हैं. वहां के लोगों के लिए काम कीजिए. पंजाब की जनता ने तय कर लिया है कि पंजाब में इस बार NDA की सरकार बनेगी.
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बूथ कार्यकर्ता से लेकर PM मोदी तक, करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनके दुख-दर्द को समझते हैं और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए मेहनत करते हैं.
यमुना का ही उदाहरण ले लीजिए. आपकी पार्टी की सरकार 30 साल रही, लेकिन आपने यमुना के लिए कुछ नहीं किया. यमुनोत्री से लेकर संगम तक पूरी यमुना को स्वच्छ करने का सौभाग्य नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को मिलने वाला है.
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, क्योंकि घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि बंगाल में 54 साल से चुनाव नहीं जीते, अरुणाचल में 12 साल और दिल्ली में 18 साल से आप चुनकर नहीं आए.
अमित शाह ने कहा, इससे पहले AAP और कांग्रेस बहाने बनाते थे. हमारे पास अरविंद केजरीवाल के सवालों का जवाब है, लेकिन जवाब हम तब देंगे, जब पंजाब में आपकी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे.
सुशांत मेहरा