गृह मंत्रालय को अवमानना का नोटिस, SC ने दो दिन में मांगा जवाब...10 बड़ी बातें

10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को विशेष सुनवाई की. कोर्ट ने 9 अक्टूबर के आदेश के कथित उल्लंघन पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर हलफनामा दाखिल करने को कहा. सुनवाई में पुलिस की कार्रवाई, लोगों की हिरासत, मेट्रो सेवाओं, इंटरनेट प्रतिबंध और बैरिकेडिंग जैसे मुद्दे उठे. मामले में अगली सुनवाई मंगलवार को होगी.

Advertisement
मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को होगी. कोर्ट ने आदेश के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया है. (File Photo-PTI) मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को होगी. कोर्ट ने आदेश के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया है. (File Photo-PTI)

संजय शर्मा / अनीषा माथुर

  • नई दिल्ली,
  • 11 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:14 PM IST

दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को विशेष सुनवाई की. कोर्ट ने 9 अक्टूबर के अपने आदेश के उल्लंघन के आरोपों पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया. उनसे पूछा गया है कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए. कोर्ट ने अधिकारियों से हलफनामा दाखिल कर जवाब देने को कहा है. मामले में अगली सुनवाई मंगलवार को होगी.

Advertisement

सुनवाई के दौरान वकीलों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया. कुछ वकीलों के साथ मारपीट भी की गई. मेट्रो सेवाएं बंद करने, इंटरनेट पर रोक लगाने और लोगों की आवाजाही बाधित करने का मुद्दा भी उठा. कोर्ट ने साफ किया कि कानून के मुताबिक कार्रवाई के अलावा किसी को हिरासत में नहीं लिया जा सकता. उसने मेट्रो और रेल सेवाएं सामान्य रखने, इंटरनेट की सुविधा बाधित नहीं करने और शहर में बैरिकेडिंग की समीक्षा करने का निर्देश दिया.

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने कहा निर्देश दिया था कि सुरक्षा के नाम पर मेट्रो और रेल सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं की जाएं. अधिकारियों को 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने के फैसले पर दोबारा विचार करने, फैसले की जानकारी सार्वजनिक करने और ट्रैफिक को लेकर नई एडवाइजरी जारी करने को कहा था.

Advertisement

सुप्रीम कोर्ट में आज हुई सुनवाई में क्या-क्या हुआ और कोर्ट ने क्या निर्देश दिए? पढ़िए सुनवाई की 10 बड़ी बातें... 

1. अवमानना की कार्रवाई पर कोर्ट ने मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश का पालन नहीं करने के आरोपों पर गृह मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया. कोर्ट ने पूछा कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए. अधिकारियों को इस बारे में हलफनामा दाखिल करना होगा. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने नोटिस जारी करने पर आपत्ति जताई. इस पर जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि कारण बताओ नोटिस और अवमानना नोटिस अलग-अलग होते हैं.

कोर्ट ने अवमानना याचिकाओं के साथ बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाओं पर भी संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है. बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका में किसी व्यक्ति को हिरासत से छुड़ाने के लिए कोर्ट से मदद मांगी जाती है. कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों को यह बताना होगा कि प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के पीछे क्या वजह थी और किन परिस्थितियों में लोगों को हिरासत में लिया गया.

यह भी पढ़ें: अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को कोर्ट ने छोड़ा, इस शर्त पर दी रिहाई... CJP बोली- कॉकरोच कभी नहीं मरते

 2. मेट्रो और रेल सेवाएं सामान्य रखने का आदेश

Advertisement

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि दिल्ली में मेट्रो और रेल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी. सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका होने पर नियमों के तहत जरूरी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं. हालांकि, परिवहन सेवाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने अधिकारियों से मेट्रो स्टेशनों को बंद करने के फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा.

कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि बदले हुए फैसलों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए. ट्रैफिक की आवाजाही को लेकर नए एडवाइजरी जारी करने को भी कहा गया था. अधिकारियों को मंगलवार तक अनुपालन रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था. सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि सभी मेट्रो स्टेशन पिछली रात 10 बजे तक खोल दिए गए थे. ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं.

3. 45 मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी को लेकर सवाल

सुनवाई के दौरान मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी का मुद्दा भी उठा. सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि दिल्ली मेट्रो के 303 स्टेशनों में से 45 पर एंट्री और एग्जिट सीमित किया गया था. उन्होंने कहा कि बाकी स्टेशन खुले थे और मेट्रो की सामान्य समय-सारणी के अनुसार सेवाएं चलीं. 7,981 ट्रेन ट्रिप संचालित हुईं.

जस्टिस बागची ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से उन स्टेशनों का नक्शा मांगा, जहां प्रवेश और निकास बंद या सीमित किए गए थे. कोर्ट ने पूछा कि पहले 57 स्टेशन बंद करने की बात थी, फिर 45 स्टेशनों पर ही पाबंदी क्यों लगाई गई. कोर्ट यह समझना चाहता है कि किन स्टेशनों पर रोक लगी और किन्हें खुला रखा गया. इससे यात्रियों को हुई परेशानी का आकलन किया जा सकेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कोई गांधी बनकर दौड़ा, कोई टॉयलेट में जा छिपा... CJP प्रोटेस्ट के VIDEO वायरल

4. इंटरनेट बंद नहीं करने और आवाजाही बहाल रखने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में इंटरनेट सेवाएं बाधित नहीं करने का निर्देश दिया. सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि कानून की जरूरत होने पर इंटरनेट पर रोक लगाई जा सकती है. इस पर जस्टिस बागची ने स्पष्ट किया कि कानून के प्रावधानों के तहत जरूरी कार्रवाई का विकल्प हमेशा खुला है. कोर्ट ने कहा कि इंटरनेट सेवाएं अबाधित रहनी चाहिए और कानून के मुताबिक ही कोई प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए.

कोर्ट ने शहर में लोगों और ट्रैफिक की आवाजाही बहाल रखने का भी निर्देश दिया. उसने कहा कि आवाजाही पर ट्रैफिक नियमों के तहत ही नियंत्रण किया जा सकता है. बैरिकेडिंग की तुरंत समीक्षा करने को कहा गया है. अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर फैसला लेना होगा. जहां जरूरत हो, वहीं बैरिकेड लगाए जाने चाहिए.

5. सुप्रीम कोर्ट के बाहर धारा 163 का बोर्ड हटाने का आदेश

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने का बोर्ड लगाए जाने का मुद्दा उठा. वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि इस बोर्ड के कारण वकीलों को कोर्ट में आने से रोका जा रहा है. एक अन्य वकील ने भी कहा कि प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के बावजूद उन्हें अंदर जाने से रोका गया.

Advertisement

सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट को बताया कि सुप्रीम कोर्ट परिसर के बाहर धारा 163 लागू होने की सूचना वाला बोर्ड लगाया गया है. इसके बाद कोर्ट ने बोर्ड को तुरंत हटाने का निर्देश दिया. कोर्ट ने कहा कि वकीलों और आम लोगों को न्याय पाने के लिए अदालत तक पहुंचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए.  सुप्रीम कोर्ट और अन्य अदालतों में आने-जाने पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई जानी चाहिए.

यह भी पढ़ें: CJP Protest Impact: CJP के हंगामे से दिल्ली में ₹2000 करोड़ का नुकसान, कारोबार ठप... CTI ने की ये डिमांड

6. गैरकानूनी हिरासत और पुलिस के बल प्रयोग पर मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई कानून के मुताबिक होनी चाहिए. किसी को भी गैरकानूनी तरीके से हिरासत में नहीं लिया जा सकता. कोर्ट ने पुलिस अधिकारी के बिना बैज के कार्रवाई करने, जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग और गैरकानूनी हिरासत के आरोपों पर भी जवाब मांगा है.

सुनवाई के दौरान वकीलों ने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के समय पुलिस ने उनके साथ मारपीट की. कुछ वकीलों ने कहा कि उन्हें जबरन बस में बैठाकर दूसरी जगह ले जाया गया. वरिष्ठ वकील केके वेणुगोपाल ने अपनी महिला जूनियर वकील को हिरासत में लिए जाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि उनकी जूनियर को सुप्रीम कोर्ट आते समय जबरन बस में बैठाकर करीब 12 किलोमीटर दूर ले जाया गया था.

Advertisement

वकीलों ने प्रदर्शनकारियों के फोन जब्त किए जाने का मुद्दा भी उठाया. कोर्ट ने इस मामले में आवेदन दाखिल करने को कहा. शीर्ष अदालत ने साफ किया कि फोन जब्त किए जाने के मुद्दे पर मंगलवार को सुनवाई होगी.

7. प्रदर्शन के दौरान करीब 7,000 लोगों की हिरासत का दावा

वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी ने कोर्ट में दावा किया कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान करीब 7,000 लोगों को हिरासत में लिया गया. उन्होंने कहा कि याचिका किसी एक नेता या व्यक्ति की हिरासत तक सीमित नहीं है. इसका मकसद सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है. उन्होंने हिरासत में लिए गए लोगों की आधिकारिक संख्या जारी करने की मांग भी की.

वकीलों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया. कुछ लोगों को ट्रेनों से उतारे जाने की बात भी कही गई. उन्होंने दावा किया कि धारा 163 के दायरे से बाहर भी लोगों को हिरासत में लिया गया. सॉलिसिटर जनरल ने इन आरोपों पर आपत्ति जताई और कहा कि कुछ याचिकाएं सरकार को नहीं दी गई थीं. उन्होंने आरोपों का खंडन भी किया.

यह भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली में पाबंदियां खत्म... सभी मेट्रो स्टेशन खुले, रेल सेवाएं भी बहाल

Advertisement

 8. शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार पर भी बहस

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का मुद्दा उठाया. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) का हवाला दिया. सिब्बल ने कहा कि लोगों को अपने विचार रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के लिए तय जगह पर जाने से भी लोगों को रोका गया.

सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि प्रदर्शन की इजाजत के लिए आवेदन नहीं किया गया था. इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन इसका तरीका कानून के दायरे में होना चाहिए. कोर्ट इस बात पर भी विचार करेगा कि सार्वजनिक व्यवस्था के नाम पर लगाए गए प्रतिबंध संविधान के मुताबिक हैं या नहीं.

9. कोर्टरूम में भी हुआ हंगामा

सुनवाई के दौरान कोर्टरूम में वकीलों और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस हुई. कुछ वकीलों ने पुलिसकर्मियों के बैठने की जगह पर आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान वकीलों की पिटाई की गई थी. इस दौरान कुछ वकीलों ने विरोध में नारे भी लगाए. कोर्ट ने सभी से शांत रहने और अनुशासन बनाए रखने को कहा.

कोर्टरूम नंबर 18 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का लिंक काम नहीं कर रहा था. वकीलों ने कहा कि वरिष्ठ एडवोकेट केके वेणुगोपाल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होना है. इसलिए लिंक ठीक करना जरूरी है. इस मुद्दे पर आपत्ति के बाद सुनवाई करीब 15 मिनट के लिए रोक दी गई. इसके बाद सुनवाई कोर्टरूम नंबर 5 में शुरू हुई.

यह भी पढ़ें: 'दिल्ली को अखाड़ा बनाना चाहते हैं राहुल-केजरीवाल', CJP के प्रदर्शन पर रेखा गुप्ता का हमला

10. मंगलवार को फिर होगी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने मामले से जुड़े सभी पक्षों को अपनी बात रखने का मौका देने की बात कही. कोर्ट ने वकीलों को हस्तक्षेप याचिका दाखिल करने की इजाजत भी दी. इसके लिए आवेदन की प्रति आज ही सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय को देनी होगी.

कोर्ट ने कहा कि वह संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत मौलिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए बाध्य है. पुलिस की कार्रवाई, हिरासत, फोन जब्त करने और प्रतिबंधों से जुड़े मुद्दों पर आगे सुनवाई होगी. अधिकारियों को अपने जवाब और हलफनामे दाखिल करने होंगे. अब इस मामले में मंगलवार को सुनवाई होगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »