देश की राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया है. दो दिन पहले हुई हल्की बारिश ने तपती धूप और गर्मी से राहत दी थी. अब 3 और 4 मई के लिए भी दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. वहीं, देश के कई दूसरे राज्यों में भी मौसम बदला हुआ है.
IMD के मुताबिक, रविवार और सोमवार को दिल्ली में बारिश हो सकती है. रविवार को हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है.
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के आसपास रहने की आशंका है. लोगों को सलाह दी गई है कि वो मौसम के बदलाव को देखते हुए अलर्ट रहें. पंजाब के कुछ हिस्सों में भी आज आंधी और तूफान जैसी स्थिति बनी हुई है.
दिल्लीवालों को एक हफ्ते तक लू से भी राहत मिलेगी. स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पालावत ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इसके चलते अगले एक हफ्ते तक लू चलने की कोई उम्मीद नहीं है.
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने 4 और 5 मई के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जैसे जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा. राज्य के कई जिलों में 6 मई तक 'येलो अलर्ट' लागू है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट, इन 8 जिलों में IMD की चेतावनी
यूपी में बारिश का हाहाकार
यूपी के रायबरेली शहर के कई हिस्सों में आज बारिश के साथ ओले गिरे हैं. उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों भी भारी बारिश हुई थी. इस दौरान भारी तूफान और बिजली गिरने से दो दिनों में 24 लोगों की मौत हो गई थी और 15 लोग घायल हो गए थे. वहीं, 16 जानवरों ने भी अपनी जान गंवा दी थी.
aajtak.in / अंकित शर्मा / अमन भारद्वाज