एक समय हुआ करता था जब बॉलीवुड की फिल्में देश के हर प्रांत में धड़ल्ले से चला करती थीं. कई-कई फिल्में तो थिएटर्स में महीनों तक लगी रहती थीं और तब भी लोग उसे देखने पहुंचते थे. कई राज्यों में गोविंदा, सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान की फिल्मों का बड़ा क्रेज रहा. लेकिन अब उनके टक्कर में वहां के रीजनल सिनेमा का भी जोर नजर आ रहा है, खासतौर पर भोजपुरी सिनेमा के सितारों का जिन्होंने काफी नाम कमा लिया है.
भोजपुरी सिनेमा का प्रमोशन
भोजपुरी सिनेमा ने पिछले कुछ सालों में अलग-अलग राज्यों के अंदर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है. ऐसा करने में पवन सिंह, निरहुआ, खेसारी लाल यादव, रवि किशन जैसे दमदार सुपरस्टार्स का योगदान है ही. मगर वहां की हीरोइन्स जैसे आम्रपाली दुबे, अक्षरा सिंह, और रानी चटर्जी ने भी अच्छी ऑडियंस जुटा ली है. अब उन्हें भी बॉलीवुड और टीवी के बढ़िया ऑफर मिल रहे हैं.
अक्षरा सिंह तो अभी कुछ दिन पहले अक्षय कुमार के साथ घिस घिस घिस गाने में दिखी हैं, जो फिल्म वेलकम टू द जंगल में नजर आएगा. उनके गाने ने सोशल मीडिया पर गर्दा उड़ाया हुआ है. अक्षरा देखते ही देखते भोजपुरी सिनेमा की एक बड़ी एक्ट्रेस बन चुकी हैं. उनके अलावा ओटीटी पर भी भोजपुरी सिनेमा के सितारे जल्द लाइमलाइट लूटने आ रहे हैं.
पवन सिंह, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे, तेज प्रताप यादव जियो हॉटस्टार पर भोजपुरी बवाल नाम से एक नया शो ला रहे हैं, जो भोजपुरी सिनेमा के फैंस को तगड़ा एंटरटेनमेंट दिलाने का वादा करता है. इस शो में और भी कई जाने-माने कलाकार नजर आएंगे, जिसमें उनकी लाइफ से जुड़ी कहानियां दिखाई जाएंगी.
फिल्मों-ओटीटी पर छाए भोजपुरी सितारे
भोजपुरी सितारों का जलवा इन दिनों ओटीटी और फिल्मों में खूब देखने मिल रहा है. पिछले साल जब पवन सिंह राइज एंड फॉल नाम के रियलिटी शो में पहुंचे थे. वहीं बिग बॉस ओटीटी में मनीषा रानी ने जो धमाका किया, वो भी लोगों ने खूब पसंद किया था. कुछ ही दिन पहले की बात है, खेसारी लाल यादव भी एमएक्स प्लेयर के रियलिटी शो बैटलग्राउंड सीजन 2 में दिखे थे जहां उन्होंने सबका मनोरंजन किया. इन तीनों शोज में एक कॉमन चीज ये थी कि इनकी टीआरपी में जबरदस्त उछाल देखने मिला था.
पवन सिंह महज कुछ दिनों के लिए राइज एंड फॉल शो पर गए थे. लेकिन सिर्फ उनकी मौजूदगी ने ही उस सीजन में चार चांद लगा दिए थे. इसके बाद उन्हें अलग-अलग टीवी रियलिटी शोज पर गेस्ट के रूप में देखा गया. उन सभी एपिसोड्स की भी टीआरपी जोरदार रही. पवन सिंह बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में भी गर्दा उड़ा रहे हैं.
व्यूज की गारंटी हैं भोजपुरी सितारे
साल 2024 में स्त्री 2 फिल्म के अंदर उनके गाने आई नहीं को आज भी खूब सुना जाता है. फिर कुछ महीने पहले तेलुगू फिल्म डकैत में टच बडी गाने से भी उन्होंने धमाका किया. पवन सिंह जहां जाते हैं, अपने साथ-साथ टीआरपी साथ लेकर जाते हैं. उनके अलावा लगभग सभी भोजपुरी सितारों के साथ यही बात है. टीवी, ओटीटी और फिल्मों में काम करने वाले लोग ये समझ चुके हैं कि अगर अपना शो या प्रोजेक्ट हिट बनाना है, तो उसमें भोजपुरी सितारों का होना जरूरी है.
अब मनीषा रानी जल्द जी टीवी के नए रियलिटी शो मां है ना में नजर आएंगी. वहीं जियोहॉटस्टार पर भोजपुरी बवाल शो तो आ ही रहा है, जिसके हिट होने की पूरी उम्मीद लगाई जा रही है.
पर्व जैन