'गिरफ्तारियां हुईं, नैतिक आधार पर इस्तीफे भी, राम मंदिर को बदनाम करना गलत', बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी सपा और कांग्रेस पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि हिंदू आस्था पर प्रहार करने वाले आज आस्था की बात कर रहे हैं. यह हास्यास्पद है.

Advertisement
योगी आदित्यनाथ ने चढ़ावा चोरी में हुए एक्शन गिनाए (Photo: Screengrab) योगी आदित्यनाथ ने चढ़ावा चोरी में हुए एक्शन गिनाए (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:04 PM IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित आजतक के कार्यक्रम पंचायत आजतक उत्तर प्रदेश के मंच पर थे. सीएम योगी ने यूपी सरकार की पिछले नौ साल की उपलब्धियां गिनाईं और अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी. सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले जो लोग कांवड़ यात्रा, रामनवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा पंडालों को प्रतिबंधित करते थे, वे लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे लोग आज आस्था की बात करते हैं. जिन लोगों ने अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाकर वातावरण को विषाक्त करने का प्रयास किया, वे लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि वे देश के उच्चतम न्यायालय में शपथपत्र दायर कर रहे थे, कि राम और विष्णु हैं ही नहीं. उन्होंने कहा कि वे लोग उच्चतम न्यायालय में अपने अधिवक्ता खड़े करते थे, हर तरह से बाधा डालने की कोशिश करते थे कि राम मंदिर का निर्माण न हो, वह आज आस्था की बात कर रहे हैं.

सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने देश के खजाने को लूटा, देश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, आज उनके लिए अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी महत्वपूर्ण हो गई है. वे अपनी डकैती की चर्चा नहीं करते हैं. उन्होंने कहा कि उस समय केंद्र की कांग्रेस की सरकार रही हो या यूपी की समाजवादी पार्टी की सरकार रही हो, कौन-कौन से घोटाले नहीं हुए थे. सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या की घटना हम सबकी, हम जैसे रामभक्तों की आस्था को आहत करती है. ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: विपक्षी नेताओं की सहानुभूति आज भी माफिया के साथ है, नागरिकों से नहीं: योगी

उन्होंने कहा कि यह एक स्वतंत्र ट्रस्ट है. सरकार को इसमें हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है. ट्रस्ट ने अनुरोध किया और मैंने एसआईटी गठित की. एसआईटी की रिपोर्ट आते ही ट्रस्ट ने कार्रवाई शुरू कर दी. सीएम योगी ने कहा कि छह लोग विजुअल में चोरी करते पकड़े गए, उनकी गिरफ्तारी हुई. दो लोग उसमें सहयोग कर रहे थे, उनकी गिरफ्तारी हुई. नैतिक आधार पर दो इस्तीफे और हुए. उन्होंने कहा कि इसके नाम पर अयोध्या को बदनाम करना, श्रीराम जन्मभूमि को बदनाम करना, हिंदू आस्था पर प्रहार करना ये कहां न्यायसंगत है.

यह भी पढ़ें: 'नीचे से टॉप थ्री रहा यूपी अब देश का टॉप थ्री स्टेट है', पंचायत आजतक में बोले CM योगी

सीएम योगी ने कहा कि जब ये लोग सत्ता में थे, आस्था पर प्रहार करते थे. अराजकता फैलाते थे, गुंडागर्दी के चरम तक पहुंचते थे. हर तरह से आस्था को आहत करने वाले काम करते थे. उन्होंने कहा कि आज यूपी के ये सभी आस्था के केंद्र देश के लिए मॉडल बन रहे हैं. यूपी अपनी इस पहचान के लिए आगे बढ़ रहा है. सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में आस्था को भी सम्मान मिला और अर्थव्यवस्था भी आगे बढ़ रही है. मानता हूं कि समाजवादी पार्टी के लिए पीड़ा हो सकती है. क्योंकि उन्होंने कहा था कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता और उसी अयोध्या में प्रति दिन लाखों श्रद्धालु आकर दर्शन कर रहे हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »