मऊ में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होती दिख रही है. सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने अपने पुराने राजनीतिक विरोधी मुनव्वर मुर्गा को सार्वजनिक तौर पर अपना प्रतिनिधि बनाने का ऐलान कर दिया. खास बात यह रही कि जिस मुनव्वर ने कुछ दिन पहले ही अब्बास अंसारी के घटना स्थल पर देर से पहुंचने को लेकर सवाल उठाए थे, उन्होंने भी विधायक के प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार कर लिया.
दरअसल, 28 सितंबर को दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा इस्लामाबाद मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान टेंट लगाते समय हाई टेंशन तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे. हादसे के बाद अब्बास अंसारी मृतकों और घायलों के परिवार से मिलने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे. अब्बास ने अपनी तरफ से भी मदद देने की बात कही.
अब्बास ने मुनव्वर मुर्गा को बताया अपना भाई
परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में जब अब्बास से उनकी आलोचना करने वाले मुनव्वर मुर्गा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि दुख, नाराजगी, गुस्सा और विरोध लोकतंत्र का हिस्सा हैं. उन्होंने मुनव्वर को अपना भाई बताते हुए कहा कि वह उनके साथ आज से नहीं, बल्कि उनके वालिद के जमाने से हैं. इसी दौरान उन्होंने अचानक कहा, "हम आज से मुनव्वर को अपना प्रतिनिधि नियुक्त कर रहे हैं."
अब्बास के इस ऐलान के बाद मुनव्वर ने भी कहा कि ठीक है, आप लिखकर दीजिए कि मैं आपका प्रतिनिधि हूं. उन्होंने कहा कि वह जनता की समस्याओं को विधायक तक पहुंचाते रहेंगे. साथ ही मुनव्वर ने अपने लिए एक लेटर पैड और इलाके में विधायक का कार्यालय खोलने की मांग भी रख दी.
कभी अब्बास के खिलाफ लड़ चुके हैं मुनव्वर
मुनव्वर मुर्गा मौजूदा समय में AIMIM के स्थानीय नेता हैं. वह 2022 के विधानसभा चुनाव में पीस पार्टी के टिकट पर मऊ सदर सीट से अब्बास अंसारी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं. उन्हें इस चुनाव में 2,406 वोट मिले थे. इसके बाद 2023 में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मऊ नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ा, जिसमें उन्हें 411 वोट मिले.
मुनव्वर मऊ शहर की स्थानीय समस्याओं को सोशल मीडिया के जरिए लगातार उठाते रहे हैं. हादसे के बाद भी उन्होंने मृतकों के घर पहुंचने में देरी को लेकर अब्बास अंसारी की आलोचना की थी. ऐसे में अब उसी राजनीतिक विरोधी को अपना प्रतिनिधि बनाने का अब्बास का ऐलान चर्चा में है.
अब्बास और मुनव्वर की नजदीकी बनी चर्चा का विषय
अब्बास अंसारी ने इस दौरान पांचों प्रभावित परिवारों के एक-एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी उठाई. उन्होंने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले नौकरी मिल जानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें सदन में बोलने का मौका मिला तो वह इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएंगे.
अब देखना दिलचस्प होगा कि मुनव्वर मुर्गा वास्तव में अब्बास अंसारी के अधिकृत प्रतिनिधि बनते हैं या फिर यह ऐलान फिलहाल राजनीतिक मेल-मिलाप तक ही सीमित रहता है. लेकिन इतना जरूर है कि 2027 के चुनाव से पहले मऊ की राजनीति में अब्बास और मुनव्वर की यह नई नजदीकी चर्चा का विषय बन गई है.
दुर्गा किंकर सिंह