अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान को लेकर कई बड़े दावे कर दिए हैं. ट्रंप ने शुक्रवार (6 मार्च) को कहा कि ईरान की सेना, नौसेना और वायु सेना पूरी तरह से खत्म हो चुकी है. उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि ईरान के दो नेताओं के सेट खत्म हो चुके हैं और अब तीसरे की बारी है.
ट्रंप ने एक राउंडटेबल चर्चा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, 'हम ईरान में बहुत कुछ कर रहे हैं. हम बहुत अच्छा कर रहे हैं. उनकी सेना खत्म हो गई है. उनकी नौसेना खत्म हो गई है, उनका संचार खत्म हो गया है, उनके नेता खत्म हो गए हैं.'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को लेकर आगे दावा किया, 'उनके नेताओं के दो सेट खत्म हो चुके हैं, वो अब अपने तीसरे सेट पर आ गए हैं. उनकी वायु सेना पूरी तरह से साफ हो गई है. इसके बारे में सोचिए. उनके पास 32 जहाज थे, सभी 32 समुद्र की तलहटी में हैं.'
अमेरिका ने ईरान पर हमला क्यों किया?
ईरान पर इस बड़े हमले के पीछे का कारण बताते हुए ट्रंप ने पिछली घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'ये स्थिति नेताओं के एक बहुत ही बुरे और बीमार समूह के साथ थी जो बहुत से लोगों को मार रहे थे, हमारे बहुत से लोग मारे जा रहे थे. उन्हें अपंग बनाया जा रहा था. उनके बमों से, जो हर जगह सड़कों पर लगाए गए थे, उन्हें तबाह किया जा रहा था. हम उन्हें 'रोडसाइड बम' कहते हैं. लोग बिना पैरों के, बिना हाथों के घूम रहे हैं, चेहरे झुलस गए हैं.'
ट्रंप ने अमेरिकी सेना को सराहा
ट्रंप ने कहा कि कई लोगों को मारा गया और ऐसे में या तो वो इसे सहन कर सकते थे और सालों तक ऐसे ही चलने दे सकते थे या इसके बारे में कुछ कर सकते थे. उन्होंने कहा- 'और हमने इसके बारे में कुछ किया. लोग हमारी सेना से बहुत प्रभावित हैं और वे हमारी सेना की तारीफ करते हैं, जो वेनेजुएला में हुआ, और जो अब हो रहा है, उससे पहले बी-2 बॉम्बर्स के साथ जो हुआ, जहां उन्होंने ईरान की संभावित परमाणु क्षमता को खत्म कर दिया. ' ट्रंप ने आगे कहा, 'हमारी सेना असाधारण काम कर रही है.'